डाक विभाग की बहनों ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को बांधी राखी, गुना से लाई खास हैंडमेड राखी
New Delhi: रक्षाबंधन से पहले केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के आवास पर भाई-बहन के स्नेह और आत्मीयता से भरा माहौल देखने को मिला। डाक विभाग की बहनों ने सिंधिया को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस दौरान गुना से आई बहनों ने अपने हाथों से तैयार की गई विशेष राखी उन्हें पहनाई।
राखी बंधवाने के बाद सिंधिया ने डाक विभाग की बहनों और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान बच्चों के साथ भी उन्होंने समय बिताया और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। पूरे कार्यक्रम में अपनापन और भाई-बहन के रिश्ते की गर्माहट नजर आई।
हैंडमेड राखी ने बनाया पल को खास
गुना से आई बहनों द्वारा विशेष रूप से तैयार की गई हैंडमेड राखी ने इस मुलाकात को और खास बना दिया। सिंधिया ने राखी बंधवाने के साथ बहनों का स्नेह और शुभकामनाएं स्वीकार कीं। उन्होंने डाक परिवार के सदस्यों के साथ सहज अंदाज में बातचीत की और सेल्फी भी ली।
‘यह सिर्फ सेल्फी नहीं, रिश्ते की खूबसूरत तस्वीर’
इस मौके पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि रक्षाबंधन पर डाक विभाग की बहनों और उनके परिवार के बच्चों के साथ बिताए गए पल उनके लिए बेहद खास हैं। उन्होंने कहा कि यह महज एक सेल्फी नहीं, बल्कि स्नेह, सम्मान और भाई-बहन के रिश्ते की खूबसूरत तस्वीर है।
रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर हुआ यह आत्मीय आयोजन डाक विभाग के कर्मचारियों और केंद्रीय मंत्री के बीच जुड़ाव का भावपूर्ण उदाहरण भी बना।