सोनम वांगचुक को मेदांता अस्पताल शिफ्ट करने का हाईकोर्ट का आदेश, इलाज के लिए डॉक्टरों का पैनल बनेगा

Sonam Wangchuk: हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि मेदांता अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों का एक पैनल गठित किया जाए, जो सोनम वांगचुक के इलाज की निगरानी करेगा. साथ ही अदालत ने संबंधित अधिकारियों को वांगचुक की सभी मेडिकल रिपोर्ट अस्पताल और उपचार से जुड़े डॉक्टरों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि इलाज में किसी प्रकार की बाधा न आए.
 

Sonam Wangchuk: दिल्ली हाईकोर्ट ने सामाजिक कार्यकर्ता एवं इंजीनियर सोनम वांगचुक को बड़ी राहत देते हुए उन्हें मेदांता अस्पताल में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया है. यह आदेश वांगचुक की पत्नी गीतांजलि ओन्गमों द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया.

हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि मेदांता अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों का एक पैनल गठित किया जाए, जो सोनम वांगचुक के इलाज की निगरानी करेगा. साथ ही अदालत ने संबंधित अधिकारियों को वांगचुक की सभी मेडिकल रिपोर्ट अस्पताल और उपचार से जुड़े डॉक्टरों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि इलाज में किसी प्रकार की बाधा न आए.

सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने अदालत को बताया कि उसे वांगचुक को मेदांता अस्पताल स्थानांतरित किए जाने पर कोई आपत्ति नहीं है. हालांकि, सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि डॉक्टरों की सलाह के बिना अस्पताल छोड़ना उनकी स्वास्थ्य स्थिति के लिए जोखिम भरा हो सकता है, इसलिए चिकित्सकीय सलाह का पालन किया जाना चाहिए.

हाईकोर्ट ने कहा कि मरीज को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए और उपचार की पूरी प्रक्रिया विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में संचालित की जाए. अदालत ने संबंधित पक्षों को निर्देश दिया कि वांगचुक के इलाज से जुड़ी सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी की जाएं.

इस आदेश के बाद सोनम वांगचुक के इलाज के लिए मेदांता अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था की जाएगी और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखेगी.