सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का 16वां दिन, धूप से बचाने को पुलिस से भिड़े काजपा प्रमुख अभिजीत दीपके

 

New Delhi: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर चल रही शिक्षाविद एवं पर्यावरणविद सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल सोमवार को 16वें दिन में प्रवेश कर गई। लंबे अनशन के कारण उनकी सेहत लगातार गिरने की खबर है। इस बीच आंदोलन स्थल पर एक बार फिर पुलिस और कॉकरोच जनता पार्टी (काजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके के बीच बहस देखने को मिली।

दरअसल, तेज धूप से वांगचुक को बचाने के लिए मंच पर तिरपाल लगाया जा रहा था। इसी दौरान मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने इस पर आपत्ति जताई। इसे लेकर अभिजीत दीपके ने पुलिस से मंच पर तिरपाल लगाने की अनुमति देने की अपील की।

पुलिस से हाथ जोड़कर की अपील

सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में अभिजीत दीपके पुलिस अधिकारी से हाथ जोड़कर कहते दिखाई दे रहे हैं कि वांगचुक की तबीयत खराब है और उन्हें धूप से बचाना जरूरी है। वीडियो में वह कहते हैं कि यदि उनकी तबीयत और बिगड़ गई तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।

पुलिस अधिकारी ने तिरपाल लगाने की आवश्यकता पर सवाल उठाया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक बहस होती रही। यह पहला मौका नहीं है जब आंदोलन के दौरान दीपके और पुलिस के बीच ऐसी स्थिति बनी हो। इससे पहले भी उन्होंने बारिश के दौरान प्रदर्शनकारियों के लिए टेंट लगाने की अनुमति मांगते हुए पुलिस से गुहार लगाई थी।

क्या हैं आंदोलन की मांगें?

कॉकरोच जनता पार्टी (काजपा) की प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है। इसके अलावा पार्टी ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के कारण आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की भी मांग उठाई है।

20 जुलाई को संसद मार्च का ऐलान

काजपा ने अपनी मांगों के समर्थन में 20 जुलाई को संसद मार्च निकालने की घोषणा भी की है। वहीं, सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत को लेकर समर्थकों में चिंता बढ़ती जा रही है और आंदोलन लगातार जारी है।