मथुरा-वृंदावन में साधु-संतों के विरोध के आगे झुका आयोजन, 1 जनवरी को होने वाला सनी लियोन का कार्यक्रम रद्द, बोले संत—‘ब्रज की मर्यादा सर्वोपरि’

 

National News: न्यू ईयर के जश्न से ठीक पहले उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृंदावन में प्रस्तावित सनी लियोन के कार्यक्रम को लेकर उठा विवाद अब समाप्त हो गया है। एक जनवरी 2026 को होने वाले इस कार्यक्रम को आयोजकों ने आधिकारिक रूप से रद्द कर दिया है। कार्यक्रम रद्द होने की खबर सामने आते ही वृंदावन-मथुरा के साधु-संतों ने संतोष जताया और इसे ब्रज की परंपराओं की जीत बताया।

दरअसल, जैसे ही संत समाज को यह जानकारी मिली कि नववर्ष के दिन मथुरा में सनी लियोन का कार्यक्रम प्रस्तावित है, उन्होंने इसका तीखा विरोध शुरू कर दिया। साधु-संतों ने इसे पवित्र धार्मिक नगरी की मर्यादा के खिलाफ बताते हुए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। विरोध के बढ़ते स्वर को देखते हुए पुलिस-प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संत समुदाय का स्पष्ट कहना था कि इस तरह के कार्यक्रम ब्रजभूमि की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से मेल नहीं खाते और इससे जनभावनाएं आहत हो सकती हैं। लगातार हो रहे विरोध और धार्मिक संगठनों की आपत्ति के बाद आयोजकों ने कार्यक्रम निरस्त करने का फैसला लिया।

आयोजकों ने बयान जारी कर कहा कि बृजवासियों और संत समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए एक जनवरी 2026 को प्रस्तावित कार्यक्रम को रद्द किया जा रहा है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसा कोई आयोजन नहीं किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों या धार्मिक समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचे।

विरोध का नेतृत्व कर रहे दिनेश फलाहारी महाराज, गिर्राज वाल्मीकि और अश्वनी कृष्ण जी महाराज ने कहा कि ब्रज की मर्यादा सर्वोपरि है। उन्होंने जिला प्रशासन को सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि यह निर्णय संत समाज और बृजवासियों की आस्था की रक्षा के लिए जरूरी था। संतों ने भगवान श्रीकृष्ण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “भगवान की इच्छा से ही यह कार्यक्रम रद्द हुआ है।”

कार्यक्रम रद्द होने के बाद मथुरा-वृंदावन में अब हालात सामान्य हैं और संत समाज ने इसे अपनी सांस्कृतिक चेतना की जीत बताया है।