टैबलेट भी मिला और रोजगार की उम्मीद भी! CM योगी ने युवाओं से क्या कहा?

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोंडा में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत 46,800 विद्यार्थियों को टैबलेट और लैपटॉप वितरित किए. देवीपाटन मंडल के गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर के छात्र-छात्राओं को यह डिजिटल सौगात मिली. कार्यक्रम में सीएम योगी ने Microsoft, IBM और Infosys जैसी कंपनियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं.
 

UP: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोंडा में विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा की सौगात दी। शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत देवीपाटन मंडल के चार जिलों के 46,800 छात्र-छात्राओं को टैबलेट और लैपटॉप वितरित किए गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने युवाओं को तकनीकी शिक्षा, रोजगार और प्रदेश में बढ़ते औद्योगिक अवसरों के बारे में जानकारी दी।

चार जिलों के विद्यार्थियों को मिला डिजिटल उपकरण

इस योजना के तहत गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर के विद्यार्थियों को टैबलेट और लैपटॉप दिए गए। सरकार का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल संसाधनों से जोड़ना और उनकी पढ़ाई को तकनीक के माध्यम से आसान बनाना है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ सेल्फी भी ली।

Microsoft और IBM जैसी कंपनियों का किया जिक्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि Microsoft, IBM, Infosys, HCL और हिंदुजा ग्रुप जैसी कंपनियां उत्तर प्रदेश में निवेश और विस्तार कर रही हैं। टाटा ग्रुप की भी प्रदेश में मजबूत मौजूदगी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि उन्हें प्रदेश में ही रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

गोंडा से लखनऊ तक सड़क कनेक्टिविटी होगी बेहतर

सीएम योगी ने प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास का जिक्र करते हुए बताया कि बाराबंकी-बहराइच एक्सेस-कंट्रोल्ड फोरलेन कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। लखनऊ से बहराइच और रुपईडीहा तक बेहतर फोरलेन कनेक्टिविटी के लिए केंद्र सरकार ने 7,000 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके अलावा गोंडा-लखनऊ मार्ग को दो लेन से चार लेन में अपग्रेड किया गया है। जरवल रोड के पास घाघरा नदी पर फोरलेन पुल निर्माण की दिशा में भी काम आगे बढ़ रहा है।

युवाओं को दिया सपनों के साथ आगे बढ़ने का संदेश

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह वे अपने टैबलेट को चार्ज रखते हैं, उसी तरह अपने सपनों और संकल्पों को भी हमेशा चार्ज रखें। उन्होंने युवाओं से तकनीक का सकारात्मक इस्तेमाल करने, अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने और कौशल विकास के जरिए आगे बढ़ने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर उत्तर प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।