बंगाल विधानसभा में बड़ा फैसला, कोलकाता में 144 से 209 और हावड़ा में 50 से 68 हुए वार्ड
Kolkata: पश्चिम बंगाल विधानसभा के विशेष सत्र में बुधवार को नगर निगमों में वार्डों की संख्या बढ़ाने से संबंधित विधेयक ध्वनि मत से पारित कर दिया गया। इसके तहत कोलकाता और हावड़ा नगर निगमों में वार्डों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
कोलकाता में 144 से बढ़कर 209 होंगे वार्ड
विधेयक पारित होने के बाद कोलकाता नगर निगम में वार्डों की संख्या 144 से बढ़कर 209 हो जाएगी। वहीं, हावड़ा नगर निगम में भी वार्डों की संख्या में 18 का इजाफा किया जाएगा। यहां मौजूदा 50 वार्डों की संख्या बढ़कर 68 हो जाएगी।
हावड़ा नगर निगम से संबंधित पुराने विधेयक को विधानसभा सत्र की शुरुआत में वापस लेने की बात भी कही गयी।
बेहतर नागरिक सेवाओं के लिए बढ़ाए गए वार्ड
नगर मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि कोलकाता और हावड़ा में वार्डों की संख्या बढ़ाने का उद्देश्य लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं और उचित सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और नागरिक जरूरतों को देखते हुए वार्डों का पुनर्गठन जरूरी था।
नये परिसीमन की प्रक्रिया होगी पूरी
सरकार की ओर से वार्डों के नये परिसीमन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके तहत सभी क्षेत्रों में वार्डों की संख्या समान रूप से नहीं बढ़ेगी। कुछ विधानसभा क्षेत्रों में वार्डों की संख्या घटाने का प्रस्ताव भी है।
प्रारंभिक मसौदे के अनुसार, चौरंगी, जोरासांको और श्यामपुकुर विधानसभा क्षेत्रों में वर्तमान 11-11 वार्डों को घटाकर 8 किए जाने का प्रस्ताव है।
दिसंबर तक चुनाव कराने की तैयारी
नबान्न सूत्रों के अनुसार, दिसंबर में प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव से पहले परिसीमन की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। वार्डों की नई सीमाएं तय होने के बाद चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा।
वार्डों की संख्या में बदलाव के बाद कोलकाता और हावड़ा नगर निगम के चुनावी समीकरण और प्रशासनिक व्यवस्था में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।