राम नगरी अयोध्या से जनकपुर धाम तक पहली ट्रेन, 19 घंटे में पूरा होगा राम-जानकी का सफर
भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच रेल कनेक्टिविटी का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। दोनों धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को जोड़ने वाली पहली ट्रेन आज से शुरू होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के 10 स्टेशनों से होकर गुजरेगी। उद्घाटन के पहले दिन ट्रेन में 1,158 यात्री सफर करेंगे। आम यात्रियों के लिए इस ट्रेन सेवा की शुरुआत 28 नवंबर से होने की उम्मीद है।
रामायण काल से अयोध्या और मिथिला का गहरा संबंध रहा है। वाल्मीकि रामायण के अनुसार, राजा दशरथ राम बारात लेकर जब मिथिला पहुंचे थे, तब उन्हें इस यात्रा में चार दिन लगे थे। अब रेल के जरिए यही सफर करीब 19 घंटे में पूरा किया जा सकेगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस ट्रेन सेवा को भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने 'रोटी-बेटी' के रिश्तों को मजबूत करने वाला कदम बताया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या भगवान राम की पवित्र नगरी है, जबकि जनकपुर माता जानकी की जन्मस्थली। इस रेल सेवा से अवध और मिथिला के बीच आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों को नया अध्याय मिलेगा