असम में फिर बनेगी हिमंत सरकार, विधायक दल की बैठक के बाद शपथ की तारीख तय...

Himanta Biswa Sarma: असम की राजनीति में एक बार फिर बड़ा फैसला सामने आया है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक दल की बैठक में हिमंत बिस्वा सरमा को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है. इसके साथ ही अब यह तय हो गया है कि हिमंत बिस्वा सरमा ही राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे.
 

Himanta Biswa Sarma: असम की राजनीति में एक बार फिर बड़ा फैसला सामने आया है.भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक दल की बैठक में हिमंत बिस्वा सरमा को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है. इसके साथ ही अब यह तय हो गया है कि हिमंत बिस्वा सरमा ही राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे. पार्टी नेतृत्व ने उनके नाम पर सहमति जताते हुए आधिकारिक घोषणा कर दी है.

बीजेपी ने विधायक दल का नेता चुनने के लिए पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पर्यवेक्षक बनाया था. इसके लिए असम बीजेपी विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें औपचारिक रूप से नेता का चुनाव किया गया. हिमंता बिस्वा सरमा ने 6 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. फिलहाल वह कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे. अब नई सरकार के गठन के साथ वह लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं.

लोक भवन ने एक बयान में कहा, राज्यपाल ने डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा को असम में नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, राज्यपाल 12 मई को हिमंत बिस्वा सरमा को मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे.

इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन और अन्य वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. 

सूत्रों के मुताबिक, गुवाहाटी में आयोजित BJP विधायक दल की बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और नव-निर्वाचित विधायकों ने हिस्सा लिया. बैठक के दौरान सर्वसम्मति से हिमंत बिस्वा सरमा के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर सभी विधायकों ने समर्थन जताया.

पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह की तारीख का भी ऐलान कर दिया गया है. जानकारी के अनुसार, निर्धारित तारीख को राजभवन में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें BJP के कई केंद्रीय नेता और NDA सहयोगी दलों के प्रतिनिधि शामिल हो सकते हैं.

हिमंत बिस्वा सरमा को संगठन और प्रशासन दोनों स्तरों पर मजबूत नेता माना जाता है. उनके नेतृत्व में BJP ने असम में लगातार अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की है. राज्य में विकास, बुनियादी ढांचे, कानून व्यवस्था और निवेश को लेकर उनकी नीतियों को पार्टी की बड़ी उपलब्धि माना जाता है.

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि हिमंत बिस्वा सरमा के दोबारा मुख्यमंत्री बनने से BJP पूर्वोत्तर में अपनी स्थिति को और मजबूत करने की कोशिश करेगी. वहीं पार्टी कार्यकर्ताओं में फैसले के बाद उत्साह का माहौल देखा जा रहा है.