मासूम की चिट्ठी ने बदली तस्वीर! सीएम योगी तक पहुंची बच्चों के पार्क की मांग, बिलारी में बनेगा मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स सेंटर

 

 

UP News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के बिलारी में एक कक्षा-6 के छात्र की चिट्ठी ने प्रशासनिक व्यवस्था को सक्रिय कर दिया। खेलने के लिए मैदान और पार्क की कमी से परेशान छात्र ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपने हाथ से पत्र लिखकर बच्चों के लिए खेल की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की थी। मासूम की यह अपील मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंची तो मामले में तत्काल संज्ञान लिया गया।

मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच कराई। इसके बाद बिलारी में बच्चों और युवाओं के लिए मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स फैसिलिटी सेंटर बनाने का रास्ता साफ हो गया है। इस फैसले से स्थानीय बच्चों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।

दरअसल, नगर के मोहल्ला बाजार निवासी मोहम्मद जीशान पाशा का बेटा मोहम्मद ऐदान पाशा कक्षा-6 में पढ़ता है। गर्मी की छुट्टियों के दौरान जब उसे खेलने के लिए आसपास उचित जगह नहीं मिली, तो उसने अपनी परेशानी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाने का फैसला किया। छात्र ने अपने हाथ से पत्र लिखकर शहर में बच्चों के लिए पार्क और खेल मैदान की व्यवस्था कराने की मांग की।

छात्र के पत्र को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। मुख्यमंत्री के उप-सचिव रामगोपाल सिंह ने मुरादाबाद के जिलाधिकारी को मामले में आवश्यक कार्रवाई और जांच के निर्देश दिए। शासन के निर्देश के बाद अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगीता गौतम और बिलारी नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी रजनी सिंह ने मामले की पड़ताल की।

जांच और प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद छात्र के परिवार को लिखित रूप से जानकारी दी गई कि नगर में खेल सुविधाओं के विकास की योजना पहले ही स्वीकृत हो चुकी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में ‘मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना’ के तहत वार्ड संख्या-25 स्थित जूनियर हाईस्कूल के खेल मैदान की गाटा संख्या-720 की भूमि पर मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स फैसिलिटीज सेंटर बनाने की मंजूरी शासन स्तर से मिल चुकी है।

अधिकारियों के मुताबिक, शासन से बजट की किस्त जारी होते ही नगर पालिका परिषद बिलारी की ओर से निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। प्रस्तावित स्पोर्ट्स सेंटर बनने के बाद क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को खेलकूद के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी रजनी सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से मामले का संज्ञान लिए जाने के बाद एडीएम प्रशासन की ओर से पालिका से रिपोर्ट मांगी गई थी। पालिका ने शासन को अवगत कराया कि वार्ड-25 में मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स फैसिलिटी सेंटर के निर्माण को पहले ही स्वीकृति मिल चुकी है। अब धनराशि प्राप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

एक बच्चे की छोटी-सी चिट्ठी ने यह साबित कर दिया कि अगर मांग सच्ची हो और आवाज सही जगह तक पहुंचे, तो बदलाव की शुरुआत कहीं से भी हो सकती है।