डिलीवरी बॉय की लोकेशन 40 मिनट से थी एक जगह, तो बंदा पहुंचा तो जो देखा उस पर यकीन नहीं हुआ...
Delhi Zomato Viral Story: ऑनलाइन खाना ऑर्डर करने के बाद डिलीवरी का इंतजार हर किसी को रहता है। लेकिन दिल्ली में एक ग्राहक के साथ ऐसा मामला सामने आया, जिसने ऑनलाइन फूड डिलीवरी सिस्टम पर ही सवाल खड़े कर दिए। ग्राहक का दावा है कि ऑर्डर करने के बाद करीब 40 मिनट तक डिलीवरी एजेंट की लोकेशन एक ही जगह दिखाई देती रही। जब वह खुद उस लोकेशन पर पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गया।
40 मिनट तक एक ही जगह दिखी डिलीवरी की लोकेशन
यह मामला दिल्ली के रहने वाले रिषभ कौशिक की ओर से सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है। रिषभ ने रात करीब 11 बजे खाना ऑर्डर किया था। काफी देर तक खाना नहीं पहुंचा तो उन्होंने ऐप पर ऑर्डर की स्थिति चेक की।
ऐप पर डिलीवरी एजेंट उनके आसपास ही दिखाई दे रहा था और कुछ देर में खाना पहुंचने की जानकारी मिल रही थी। लेकिन इंतजार बढ़ता गया और डिलीवरी नहीं हुई।
इसके बाद रिषभ ने ऐप पर डिलीवरी एजेंट की लोकेशन ट्रैक करनी शुरू की। उनका कहना है कि करीब 40 मिनट तक डिलीवरी एजेंट की लोकेशन एक ही जगह पर दिखाई देती रही।
लोकेशन पर पहुंचे ग्राहक तो खाना खा रहे थे लोग
मामले को समझने के लिए रिषभ खुद उस लोकेशन पर पहुंच गए। उनके मुताबिक, वहां कुछ लोग वही खाना खा रहे थे, जिसे उन्होंने ऑर्डर किया था।
रिषभ ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि उन्हें बताया गया कि उनका खाना बिक चुका है और इसके लिए करीब 100 रुपये लिए गए थे। इस घटना के बाद उन्होंने फूड डिलीवरी सिस्टम को लेकर कई सवाल उठाए।
उन्होंने यह भी दावा किया कि कस्टमर सर्विस से संपर्क करने पर उन्हें एक बॉट के जरिए जवाब मिला। इसी अनुभव को लेकर रिषभ ने लिखा कि यह मामला अब सिर्फ फूड डिलीवरी का नहीं, बल्कि 'फूड शेयरिंग इकोनॉमी' जैसा हो गया है।
ऐप पर बाद में दिखा 'Delivered'
मामले का एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया। रिषभ ने बाद में ऐप का एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया, जिसमें उनका ऑर्डर रात 12:18 बजे डिलीवर दिखाया गया था।
हालांकि, रिषभ के मुताबिक उस समय तक उन्हें खाना मिला ही नहीं था। सोशल मीडिया पर शेयर की गई इस घटना ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी की प्रक्रिया और डिलीवरी एजेंट की ट्रैकिंग को लेकर चर्चा छेड़ दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट
रिषभ कौशिक की पोस्ट के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है। हालांकि, घटना से जुड़े सभी दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में Zomato या संबंधित डिलीवरी एजेंट की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने पर तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है।