सपा ने उम्मीदवारों को लेकर शुरू किया मंथन, मिशन-27 में चलेगा लोकसभा वाला फॉर्मूला!
Up News: उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी एक बार फिर से साल 2024 वाली रणनीति पर काम करने में जुटी है, पार्टी अब ऐसे उम्मीदवारों की तलाश में जुट गई हैं जिनके जरिए क्षेत्र के जातीय समीकरण के साथ सियासी समीकरण को भी साधा जा सके. पार्टी नेतृत्व लगातार जिलेवार पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर मंथन करने में जुटा है. सपा की नजर ऐसे नेताओं पर भी टिकी है जो चुनाव से पहले सपा के साथ आ सकते हैं.
समाजवादी पार्टी अब तक 35 जिलों की 150 विधानसभा सीटों को लेकर बैठक कर चुकी है. जुलाई महीने तक इन सीटों पर उम्मीदवारों के नाम को शॉर्टलिस्ट करने की तैयारी है. माना जा रहा है कि सपा 2024 की तर्ज पर ही इस बार भी उम्मीदवारों के नाम का फैसला कर सकती है. यूपी चुनाव में उम्मीदवारों को लेकर सपा की जिला स्तर पर पदाधिकारियों को ऐसे नेताओं की पहचान करने के निर्देश दिए हैं जो अभी भले ही बीजेपी, रालोद, बसपा या सुभासपा से जुड़े हैं लेकिन, चुनाव से पहले वो पाला बदल सकते हैं. इनमें एक नाम सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी का भी है. सपा मुखिया अखिलेश यादव के साथ उनके संबंध किसी से छुपे नहीं है.
समाजवादी पार्टी यूपी की उन सभी सीटों की पहचान भी कर रही है जहां पर पार्टी मज़बूत स्थिति में रही है. इसके अलावा जिन सीटों पर सपा को सफलता नहीं मिली उन पर ख़ास ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं. ऐसी सीटों पर सपा कार्यकर्ताओं को जनाधार बढ़ाने और जन-जन तक सपा सरकार में हुए कामों को बताने को कहा गया है. सूत्रों के मुताबिक समाजवादी पार्टी ने उन नेताओं की भी पहचान करनी शुरू कर दी है जिनके साथ सपा अध्यक्ष के रिश्ते भले ही तनाव पूर्ण रहे लेकिन वो वापसी करना चाहते हैं. ऐसे में इन नेताओं को भी पार्टी के साथ लाने की कोशिश की जा रही है. इसके अलावा पार्टी की ओर से 24 जिलों में संगठनात्मक पदाधिकारियों को एक ख़ास जिम्मेदारी दी गई है जो उम्मीदवारों की जातीय, सियासी और जनाधार की स्वीकार्यता का आंकलन करेगी.
सपा की कोशिश है कि हर सीट पर स्थानीय उम्मीदवार को प्रमुखता दी जाए, किसी बाहरी उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया जाएगा. अखिलेश यादव ने साफ कहा है कि अगर संगठन में बैठा कोई सदस्य विधानसभा चुनाव लड़ना चाहता है तो उसे पहले अपने पद से इस्तीफा देना होगा. चुनाव के दौरान संगठनात्मक नियमों से समझौता नहीं किया जाएगा.