सीएम योगी से मिली फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम, आध्यात्मिक पृष्ठभूमि और फिल्म के दृश्यों पर हुई चर्चा

 

UP News: फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान फिल्म के निर्माता, निर्देशक और प्रमुख कलाकार मौजूद रहे। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और मुख्य अभिनेता शोभिनव ने मुख्यमंत्री को फिल्म की कहानी, विषयवस्तु और इसकी आध्यात्मिक पृष्ठभूमि के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

सीएम योगी ने देखे नाथ संप्रदाय से जुड़े फिल्म के दृश्य

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरु गोरखनाथ और नाथ संप्रदाय से जुड़े फिल्म के महत्वपूर्ण दृश्यों को भी देखा। फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि ‘हनुमान अंश’ में परम पूज्य बाबा नीब करौरी और नाथ संप्रदाय के सिद्ध संतों की ऐतिहासिक मुलाकातों का विशेष चित्रण किया गया है।

निर्देशक के अनुसार, शोध में यह उल्लेख मिलता है कि अपने शुरुआती दौर में बाबा नीब करौरी लंबे समय तक नाथ संप्रदाय के संतों के सान्निध्य में रहे थे। फिल्म में इसी आध्यात्मिक यात्रा और हनुमान भक्ति से जुड़े पहलुओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है।

सीएम योगी ने फिल्म की टीम को दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म और इसके निर्माण से जुड़े सभी सदस्यों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने पूरी टीम को अपनी शुभकामनाएं भी दीं।

गौरतलब है कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ प्रसिद्ध संत बाबा नीब करौरी (नीम करौली बाबा) के जीवन और उनकी हनुमान भक्ति पर आधारित है। कम बजट में तैयार की गई इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा समर्थन मिलने का दावा किया गया है।