6 महीने में बदला पूरा खेल! TMC की राज्यसभा सांसद अब BJP के टिकट पर...
Kolkata: बंगाली फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री कोयल मल्लिक यानी रुक्मिणी मल्लिक ने सोमवार को पश्चिम बंगाल से राज्यसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन के दौरान पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।
कोयल मल्लिक ने नामांकन से पहले सोमवार को ही भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। भाजपा ने रविवार को उन्हें पश्चिम बंगाल की खाली हुई राज्यसभा सीट के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया था। इसके ठीक अगले दिन उन्होंने पार्टी में औपचारिक रूप से प्रवेश किया और फिर विधानसभा भवन में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया।
कुछ महीने पहले TMC से बनी थीं राज्यसभा सांसद
खास बात यह है कि कोयल मल्लिक का राज्यसभा का यह सफर बेहद दिलचस्प रहा है। वह इसी साल 6 अप्रैल को तृणमूल कांग्रेस (TMC) के टिकट पर राज्यसभा सांसद बनी थीं, लेकिन उनका कार्यकाल ज्यादा लंबा नहीं चला। उन्होंने 16 जुलाई को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद अब वह टीएमसी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गई हैं और उसी राज्यसभा सीट से दोबारा उच्च सदन पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।
कोयल मल्लिक मशहूर बंगाली अभिनेता रंजीत मल्लिक की बेटी हैं और बंगाली सिनेमा में लंबे समय से लोकप्रिय चेहरा रही हैं।
'लोगों की सेवा का मौका मिलना सम्मान की बात'
भाजपा में शामिल होने के बाद कोयल मल्लिक ने कहा कि संसद के उच्च सदन का सदस्य बनकर लोगों की सेवा करने का मौका मिलना उनके लिए सम्मान की बात होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में पश्चिम बंगाल में विकास के काम देखकर वह प्रभावित हुई हैं। उनका कहना है कि बंगाल में रोजगार के अवसर बढ़ने चाहिए, ताकि युवाओं को नौकरी की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े और वे अपने राज्य में ही बेहतर भविष्य बना सकें।
आलोचना से नाराज नहीं हैं कोयल
भाजपा में शामिल होने के बाद राजनीतिक रुख बदलने को लेकर जब उनसे सवाल किया गया तो कोयल मल्लिक ने कहा कि वह किसी पार्टी या नेता के खिलाफ नकारात्मक टिप्पणी नहीं करना चाहतीं। उन्होंने खुद को मनोविज्ञान की छात्रा बताते हुए कहा कि जो लोग उन्हें पसंद नहीं करते, उनसे उन्हें कोई नाराजगी नहीं है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राजनीति में आने का उनका उद्देश्य लोगों की सेवा करना है। कोयल के मुताबिक, उन्होंने बचपन से ही अपनी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा दूसरों की मदद और सेवा में लगाया है और आगे भी इसी दिशा में काम करना चाहती हैं।
16 अक्टूबर को राज्यसभा चुनाव
अधिकारियों के मुताबिक कोयल मल्लिक ने विधानसभा भवन में विधानसभा के प्रधान सचिव के कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल की कुल 12 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होने हैं। पश्चिम बंगाल की सीट पर उपचुनाव कोयल मल्लिक के जुलाई में इस्तीफा देने के कारण हो रहा है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत होने के कारण कोयल मल्लिक की उम्मीदवारी को मजबूत माना जा रहा है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी उनके नामांकन के बाद उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।