‘200 सीटों की बात हुई थी… फिर 150 कैसे?’ यूपी में गठबंधन पर कांग्रेस प्रभारी का बड़ा बयान
UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट शेयरिंग को लेकर सियासी चर्चा तेज हो गई है। दोनों दलों के नेताओं की ओर से लगातार बयान सामने आ रहे हैं। सहारनपुर सांसद इमरान मसूद के जल्द सीट बंटवारा तय किए जाने की मांग के बाद यह मुद्दा और चर्चा में आ गया है।
इसी बीच यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की चर्चा को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी 150 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा नहीं किया है। उनके मुताबिक, सीटों की संख्या पर अंतिम फैसला कांग्रेस और सपा की वरिष्ठ लीडरशिप के बीच बातचीत के बाद ही होगा।
‘150 सीटों का कांग्रेस ने कभी दावा नहीं किया’
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस की ओर से 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की कोई आधिकारिक बात नहीं कही गई है। उन्होंने कहा कि जो लोग कांग्रेस के नाम पर 150 सीटों का दावा कर रहे हैं, वे गलत जानकारी फैला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही गठबंधन में हिस्सेदारी और सम्मान की बात करती रही है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी बातचीत के दौरान लचीला रुख अपनाने को तैयार है।
राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक, सीटों की संख्या को लेकर अंतिम फैसला पार्टी की वरिष्ठ लीडरशिप ही करेगी। जब दोनों दलों के शीर्ष नेता साथ बैठकर बातचीत करेंगे, तभी यह तय होगा कि किस पार्टी को कितनी सीटों पर चुनाव लड़ना है।
सपा सांसद के बयान पर राजेंद्र गौतम का पलटवार
सीट शेयरिंग को लेकर बयानबाजी के बीच राजेंद्र पाल गौतम ने सपा सांसद शिवपाल सिंह पटेल के उस कथित बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें कांग्रेस से 50 से ज्यादा सीटों की उम्मीद नहीं करने की बात कही गई थी।
कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी गठबंधन नहीं करना चाहती है तो वह स्पष्ट रूप से यह बात कह सकती है। उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर बातचीत में कम से कम न्यायपूर्ण रवैया होना चाहिए और इस तरह के बयान देने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि सीट बंटवारे को लेकर बातचीत आपसी सम्मान और समझ के आधार पर होनी चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भी रखा अपना पक्ष
सीट शेयरिंग को लेकर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा का भी बयान सामने आया है। उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के उस संदेश पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने गठबंधन के तहत जीतने वाली सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही थी।
आराधना मिश्रा ने कहा कि अखिलेश यादव ने भी जीत के लिए चुनाव लड़ने की बात कही है और कांग्रेस का रुख भी यही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को गठबंधन में जो भी सीटें मिलेंगी, पार्टी उन सभी सीटों पर जीत के लक्ष्य के साथ चुनाव लड़ेगी।
सीट शेयरिंग पर अभी अंतिम फैसला नहीं
कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन को लेकर चर्चाएं जारी हैं, लेकिन अभी तक सीटों के बंटवारे का कोई अंतिम फार्मूला सार्वजनिक नहीं हुआ है। कांग्रेस की ओर से 150 सीटों के दावे को खारिज किए जाने के बाद अब दोनों दलों की वरिष्ठ लीडरशिप की बातचीत पर नजर रहेगी।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सीट शेयरिंग को लेकर दोनों दलों के बीच समन्वय कितना बनता है, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।