करंट की चपेट में आया एक ही परिवार, तीन लोग झुलसे, हादसे में दो की दर्दनाक मौत...

Purva Bardhaman: एक ही परिवार के तीन लोग करंट की चपेट में आ गए. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है. घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
 

Purva Bardhaman: पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले में बिजली के करंट की चपेट में आने से एक ही परिवार के दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। हादसा रायना थाना क्षेत्र के सेहारा गांव में हुआ। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

मृतकों की पहचान मनोज मित्र और आदुरी मित्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घर में बिजली से जुड़ा काम चल रहा था। इसी दौरान तीन लोग करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।

अस्पताल ले जाने पर दो को मृत घोषित किया

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को बाहर निकाला और इलाज के लिए बर्दवान मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में जांच के बाद ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने मनोज मित्र और आदुरी मित्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल तीसरे व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

एक ही परिवार में दो मौतों से पसरा मातम

एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत की खबर सामने आते ही सेहारा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद रायना थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बिजली का काम करते समय करंट लगने की वजह क्या थी और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली के काम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने की जरूरत पर भी जोर दिया है।