पूर्वी अफ्रीका में शहीद भारतीय सैनिकों को दी गई श्रद्धांजलि, माइल-27 स्थित भारतीय स्मारक पर रक्षा सलाहकार ने अर्पित की पुष्पांजलि
केन्या के ताइता तावेटा में आयोजित 9वें ईस्ट अफ्रीकन रिमेंबरेंस वीकेंड के दौरान प्रथम विश्व युद्ध में शहीद हुए भारतीय सैनिकों और सैन्य सहयोगियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर नैरोबी स्थित भारतीय उच्चायोग और भारतीय सशस्त्र बलों की ओर से रक्षा सलाहकार ने माइल-27 स्थित भारतीय स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया।
कार्यक्रम में केन्या डिफेंस फोर्सेज के प्रतिनिधियों और डिफेंस अटैशे एसोसिएशन के सदस्यों ने भी भारतीय सैनिकों को नमन किया। इन सैनिकों ने प्रथम विश्व युद्ध के दौरान पूर्वी अफ्रीकी अभियान में अपने प्राणों की आहुति दी थी।
स्मरणोत्सव के तहत वोई कॉमनवेल्थ वॉर ग्रेव्स कब्रिस्तान में विशेष श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। यहां अफ्रीकी सैनिकों और कैरियर कॉर्प्स के उन कुलियों को याद किया गया, जिन्होंने युद्ध के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
कार्यक्रम का समापन तावेटा वॉर सिमेट्री में श्रद्धांजलि समारोह के साथ हुआ। इस दौरान पूर्वी अफ्रीकी अभियान में जान गंवाने वाले सभी सैनिकों और सहयोगियों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक नमन किया गया।