केंद्रीय बजट 2026-27: बिहार को मिली बड़ी सौगात, हाईस्पीड रेल कॉरिडोर में होगा शामिल

 

New Delhi: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 का आम बजट पेश करते हुए बिहार के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। बजट भाषण के दौरान उन्होंने देश में 7 हाईस्पीड रेल कॉरिडोर बनाने का ऐलान किया, जिसमें बिहार को भी सीधे तौर पर लाभ मिलने वाला है।

वित्त मंत्री ने बताया कि प्रस्तावित हाईस्पीड रेल कॉरिडोर में सिलिगुड़ी से वाराणसी तक का रूट भी शामिल है। यह रेल कॉरिडोर बिहार के कई जिलों से होकर गुजरेगा, जिससे राज्य में कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। इसके अलावा मुंबई–पुणे, पुणे–हैदराबाद, हैदराबाद–बेंगलुरु, हैदराबाद–चेन्नई जैसे अन्य प्रमुख कॉरिडोर भी बनाए जाएंगे।

कनेक्टिविटी पर सरकार का जोर

बजट में कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कई बड़े कदमों की घोषणा की गई है। वित्त मंत्री ने कहा कि सी-प्लेन निर्माण को बढ़ावा देने के लिए सरकार सहायता देगी। इसके साथ ही ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए एक हाई लेवल बैंकिंग कमेटी के गठन की भी घोषणा की गई है।

पटना में मिलेगी जहाज मरम्मत की सुविधा

बजट भाषण में बिहार के लिए एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए निर्मला सीतारमण ने कहा कि पटना और वाराणसी में जहाज मरम्मत की सुविधा विकसित की जाएगी। इसके तहत आंतरिक जलमार्ग (इनलैंड वाटरवेज) को मजबूत किया जाएगा। वाटर ट्रांसपोर्ट के इस्तेमाल को बढ़ाने के लिए लोगों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

दवाएं होंगी सस्ती, फार्मा सेक्टर को बढ़ावा

स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर भी बजट में राहत भरी खबर दी गई है। वित्त मंत्री ने ऐलान किया कि शुगर और कैंसर की दवाएं सस्ती होंगी। इसके अलावा फार्मा सेक्टर में 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की गई है। दवा निर्माण को बढ़ावा देने के लिए ‘बायो-फार्मा शक्ति’ पहल की शुरुआत की जाएगी, जिससे देश में दवाओं का उत्पादन बढ़ेगा और कीमतें कम होंगी।

आपको बता दें कि बजट 2026-27 में बिहार के लिए कनेक्टिविटी, रोजगार और स्वास्थ्य से जुड़ी कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं, जो राज्य के विकास को नई दिशा देने वाली मानी जा रही हैं