बंगाल बजट में बड़ी घोषणा: स्नातक पूरी करने वाली अविवाहित लड़कियों को मिलेंगे 50,000 रुपये, सरकार ने बढ़ाया आर्थिक सहयोग
West Bengal Budget 2026: बंगाल की BJP सरकार ने अपने पहले बजट में कई बड़ी घोषणाएं की हैं. सोमवार को पेश किए गए बजट में बेरोजगारों के लिए हर महीने 3000 रुपए महीने देने वाली 'भरोसा स्कीम' की घोषणा की है. इसके अलावा एक लाख भर्तियों का भी ऐलान किया गया है.
राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए वित्त मंत्री ने DA (महंगाई भत्ता) में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया, यह अक्टूबर 2026 से लागू होगा. विधवा पेंशन बढ़ाने के साथ-साथ कोलकाता में एक और एयरपोर्ट बनाने की घोषणा की गई है. बजट में सभी प्रमुख सामाजिक योजनाओं को जारी रखने और एक लाख सरकारी रिक्तियों को भरने का वादा किया गया है.
- - बंगाल में कॉलेज छात्राओं को मिलेंगे 50 हजार
- - बेरोजगारों के लिए भरोसा स्कीम, हर महीने 3000 रुपये भत्ता
- - एक लाख भर्तियों का ऐलान, महिलाओं को मिलेगा 33 फीसदी आरक्षण
- - विधायक निधि फंड को 70 लाख बढ़ाकर एक करोड़
- - अगले दो साल तक सरकारी नौकरियों के लिए आयु सीमा में 5 साल की छूट
- - कोलकाता के कल्याणी में बनेगा एक और एयरपोर्ट, जमीन की तलाश हो रही
- - विधवा पेंशन में 500 रुपये का इजाफा, महिला थाने भी होंगे स्थापित
DA में 20 प्रतिशत की वृद्धि
बजट भाषण में पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री दासगुप्ता ने कहा कि सरकार महंगाई भत्ते (DA) में 20 प्रतिशत की वृद्धि करेगी, जिससे यह कुल 38 प्रतिशत हो जाएगा. साथ ही सेवानिवृत्त पत्रकारों को 5,000 रुपए मासिक पेंशन मिलेगी. राजनीतिक कारणों से जेल में रहे लोगों को 10,000 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे.
33 फीसदी महिला आरक्षण के साथ एक लाख पदों पर भर्ती
बजट भाषण में बंगाल के वित्त मंत्री दासगुप्ता ने एक लाख सरकारी पद भरने का वादा किया, जिनमें से 33 प्रतिशत महिलाओं के लिए होंगी. 20,000 पुलिस पदों, 50,000 शिक्षण पदों को भरेगी. सिविक पुलिस, होमगार्ड और ग्रीन पुलिस के मासिक वेतन में 2,000 रुपये की वृद्धि करेगी. साथ ही विधायक निधि 70 लाख रुपये से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये करने की घोषणा की.
साथ ही शराब के ठेके को लेकर भी एक बड़ी घोषणा की गई है. बंगाल में अब शराब के ठेके मंदिर, स्कूल-कॉलेज और अस्पतालों से कम से कम 1 किलोमीटर दूर ही खुलेंगे. साथ ही श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर हर साल 6 जुलाई राजकीय अवकाश रहेगा. 150वीं जयंती को मनाने के लिए 200 करोड़ रुपये का फंड आवंटित.