यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में दिखेगी प्रदेश की औद्योगिक ताकत, 72 देशों के खरीदारों के पहुंचने की उम्मीद
UP News: उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक हुनर और औद्योगिक क्षमता को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और विदेशी मेहमानों की सुविधाओं समेत सभी व्यवस्थाएं तय समय में पूरी करने के निर्देश दिए।
ट्रेड शो के चौथे संस्करण में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस भागीदार देश के तौर पर शामिल होंगे। आयोजन में 72 देशों और केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के आने की संभावना जताई गई है।
छह देशों के लिए अलग पवेलियन, कारोबारियों के बीच होंगी बैठकें
ट्रेड शो में भागीदार देशों के लिए विशेष प्रीमियम पवेलियन बनाए जाएंगे। यहां द्विपक्षीय कारोबारी सत्रों के साथ बी2बी बैठकें भी प्रस्तावित हैं। अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को प्रदेश के उत्पादों और औद्योगिक क्षमता से जोड़ने के लिए भारतीय निर्यात संगठनों और विदेशों में स्थित भारतीय मिशनों के माध्यम से समन्वय किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विदेशी खरीदारों और प्रदर्शकों के लिए उचित आवास व्यवस्था करने के साथ भागीदार देशों के उच्चायुक्तों के लिए लायजन ऑफिसर तैनात करने के निर्देश दिए हैं।
छात्रों और युवाओं की भी होगी सक्रिय भागीदारी
ट्रेड शो को केवल कारोबार तक सीमित न रखते हुए युवाओं और छात्रों को भी इससे जोड़ने की तैयारी है। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय और तकनीकी विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को वॉलंटियर के रूप में जिम्मेदारी दी जाएगी।
इसके अलावा सीएम फेलो, उद्यमी मित्र और दूसरे संस्थानों के युवा स्वयंसेवक विदेशी खरीदारों, प्रदर्शकों और मेहमानों की सहायता करेंगे। युवाओं के लिए डिजिटल रील चैलेंज, यंग एंटरप्रेन्योर प्रतियोगिता और क्विज भी आयोजित किए जाएंगे।
20 से ज्यादा नॉलेज सेशन में उद्योग पर चर्चा
आयोजन के दौरान उद्योग, निवेश और आर्थिक गतिविधियों से जुड़े 20 से अधिक नॉलेज सेशन होंगे। इनमें संबंधित विभागों के मंत्री और प्रमुख सचिव भी शामिल होंगे। इन सत्रों में उद्योग से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों और विभागीय अधिकारियों के बीच चर्चा प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री ने इन सत्रों को संक्षिप्त और प्रभावी रखने के साथ आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया है।
ODOP से डिफेंस-एयरोस्पेस तक दिखेगी यूपी की तस्वीर
इस बार ट्रेड शो की थीम ‘अद्वितीय सोर्सिंग का अद्भुत मंच’ रखी गई है। आयोजन में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की आर्थिक और औद्योगिक क्षमता को प्रदर्शित किया जाएगा।
यहां वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP), वन डिस्ट्रिक्ट वन क्राफ्ट, मुख्यमंत्री युवा, MSME, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी, डिफेंस-एयरोस्पेस, कृषि, रिन्यूएबल एनर्जी, ऑटोमोबाइल और ईवी, फार्मा, हेल्थकेयर, टेक्सटाइल, हथकरघा, लॉजिस्टिक्स, रियल एस्टेट, पर्यटन और संस्कृति समेत कई क्षेत्रों के स्टॉल होंगे।
आयोजन के लिए भूतल और दूसरे तल पर करीब 36,500 वर्ग मीटर प्रदर्शनी क्षेत्र बुक किए जाने की जानकारी दी गई है।
अवध, ब्रज और बुंदेलखंड की संस्कृति भी आएगी नजर
ट्रेड शो में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की सांस्कृतिक विविधता को भी जगह दी जाएगी। अवध, ब्रज और बुंदेलखंड की भागीदारी के साथ करीब 25 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के स्लॉट तैयार किए गए हैं।
इनमें कथक, पखावज और सितार वादन के साथ भोजपुरी और आल्हा लोक गायन, राई और थारू जनजातीय नृत्य तथा स्टार म्यूजिकल नाइट्स शामिल हैं।
23 सितंबर तक सरकारी स्टॉल तैयार करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने सरकारी विभागों को 23 सितंबर तक अपने स्टॉल तैयार करने के निर्देश दिए हैं। आयोजन स्थल पर दिशा-सूचक बोर्ड, होर्डिंग और पोस्टर लगाने के साथ इंटरनेट और वाई-फाई की सुविधा को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं।
सुरक्षा के लिहाज से प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे, प्रवेश और निकास बिंदुओं पर सुरक्षा व्यवस्था, फ्रिस्किंग और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था रहेगी। आयोजन स्थल को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त रखने पर भी जोर दिया गया है।
500 से ज्यादा EV शटल बसें चलेंगी
आगंतुकों को पार्किंग क्षेत्र से प्रदर्शनी स्थल तक पहुंचाने के लिए 500 से अधिक इलेक्ट्रिक शटल बसें चलाने की तैयारी है। इसके अलावा इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन भी लगाए जाएंगे।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों और वीवीआईपी मेहमानों के लिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विशेष यूपीआईटीएस सुविधा काउंटर की व्यवस्था की जा रही है। मेट्रो, सिटी बस, रेडियो, डिजिटल प्लेटफॉर्म और मल्टीप्लेक्स स्क्रीन के जरिए ट्रेड शो का प्रचार किया जा रहा है।
कारोबार के साथ युवाओं के लिए भी मंच
ट्रेड शो के जरिए स्थानीय उत्पादों और यूपी की औद्योगिक क्षमता को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने रखने के साथ युवाओं को उद्यमिता और कारोबार की दुनिया से जोड़ने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने समीक्षा के दौरान सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और तय समयसीमा में काम पूरा करने पर जोर दिया।
बैठक में एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, लोक निर्माण राज्यमंत्री बृजेश सिंह, एमएसएमई राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास दीपक कुमार, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक कुमार, एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर, मंडलायुक्त मेरठ भानु चंद्र गोस्वामी समेत प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।