UP News: जनता दर्शन में सीएम योगी का सख्त संदेश- भूमि विवादों का हो त्वरित निस्तारण, इलाज के लिए धन की नहीं होगी कमी

 
UP News: तीन दिवसीय प्रवास पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल के विभिन्न जिलों से आए 200 से अधिक लोगों ने अपनी शिकायतें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। साथ ही गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि इलाज के लिए धन के अभाव में किसी भी व्यक्ति को परेशानी नहीं होनी चाहिए। ऐसे मामलों में आवेदन और चिकित्सा अनुमान को सत्यापित कर शीघ्र शासन को भेजा जाए, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

जनता दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिला फरियादी भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने सभी की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम के बाद एक भावुक दृश्य भी देखने को मिला। फरियादियों के साथ आए बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री उनके बीच पहुंच गए। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई-लिखाई की जानकारी ली, उन्हें मन लगाकर पढ़ने की प्रेरणा दी और चॉकलेट देकर उनका उत्साह बढ़ाया।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर स्थित गोशाला में पहुंचकर गोसेवा की। उन्होंने गायों को गुड़ और रोटी खिलाई तथा गोशाला कर्मियों को गर्मी के मौसम में गोवंशों की विशेष देखभाल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान गोरखनाथ मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर जनता दर्शन में पहुंचे।