UP News: डेढ़ लाख युवाओं को मिलेगी मुफ्त AI ट्रेनिंग, रोजगार से जोड़ने के लिए सरकार का बड़ा कदम
इस पहल के तहत यूपीएसडीएम और दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) के लगभग 1000 प्रशिक्षण केंद्रों में पढ़ रहे युवाओं को एआई और उभरती तकनीकों की विशेष ट्रेनिंग मिलेगी। सरकार का मानना है कि इससे युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ेगी और उन्हें नई तकनीकी दुनिया के अनुरूप तैयार किया जा सकेगा।
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं के लिए विशेष मेगा जॉब फेयर और प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किए जाएंगे। प्रशिक्षण के दौरान ही उद्योग जगत से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को रोजगार बाजार, कार्य संस्कृति और करियर के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही इंटरव्यू की तैयारी, संचार कौशल, आत्मविश्वास विकास और पेशेवर व्यवहार से जुड़ी कार्यशालाएं भी कराई जाएंगी।
इस अवसर पर लखनऊ स्थित यूपीएसडीएम मुख्यालय में “AI for Public Service and Good Governance” विषय पर कार्यशाला का आयोजन भी किया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशासनिक कार्यों में एआई के उपयोग की जानकारी दी गई।
वहीं दूसरी ओर, राज्य सरकार ने बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ा विस्तार करने का निर्णय लिया है। अब निपुण भारत मिशन को प्री-प्राइमरी से कक्षा दो तक सीमित रखने के बजाय कक्षा तीन से पांच तक के विद्यार्थियों तक बढ़ाया जाएगा। इसके लिए 10 नए मानकों को लागू करने की तैयारी है।
नई व्यवस्था के तहत बच्चों के सीखने के स्तर का नियमित मूल्यांकन होगा, कमजोर छात्रों के लिए विशेष कैच-अप अभियान चलाए जाएंगे और कक्षा में चर्चा आधारित शिक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा। गणित और अन्य विषयों को आसान बनाने के लिए टीएलएम (Teaching Learning Material) का व्यापक उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा बच्चों के सामाजिक और भावनात्मक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के युवाओं और विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तकनीकी रूप से सक्षम और प्रतिस्पर्धी बनाया जा सके।