UP News: योगी सरकार की बड़ी सौगात- 45 हजार छात्राओं को मिलेगी फ्री स्कूटी, पात्रता के नियम तय

 
UP News: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार जल्द ही छात्राओं को मुफ्त स्कूटी देने की अपनी महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारने जा रही है। उच्च शिक्षा विभाग ने योजना की तैयारियां तेज कर दी हैं और राज्य के विश्वविद्यालयों व डिग्री कॉलेजों से पात्र छात्राओं का विवरण मांगा गया है। आंकड़े मिलने के बाद लाभार्थियों की पहली सूची जारी की जाएगी।

सरकार ने इस पहल को ‘रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना’ नाम दिया है। योजना के तहत स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए राज्य सरकार पहले ही बजट में 400 करोड़ रुपये का प्रावधान कर चुकी है। शुरुआती चरण में करीब 45 हजार छात्राओं को इसका लाभ मिलने की संभावना है।

उच्च शिक्षा विभाग द्वारा तय किए गए मानकों के अनुसार, केवल उन्हीं छात्राओं को योजना का लाभ मिलेगा जिनके परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से कम है। साथ ही, चयन के लिए शैक्षणिक प्रदर्शन भी अहम आधार होगा। विभाग ने कॉलेजों से 80, 85 और 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं का डेटा उपलब्ध कराने को कहा है।

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि चयनित छात्राओं को पेट्रोल से चलने वाली स्कूटी दी जाएगी। उनका कहना है कि इस योजना का उद्देश्य सिर्फ प्रोत्साहन देना नहीं, बल्कि छात्राओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाना भी है। कई छात्राएं परिवहन सुविधा के अभाव में उच्च शिक्षा से वंचित रह जाती हैं, ऐसे में यह योजना उनके लिए मददगार साबित होगी।

सरकार पूरी चयन प्रक्रिया को ऑनलाइन और पारदर्शी बनाने की तैयारी में है। प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिलते ही आवेदन और चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

इस बीच, राज्य के कॉलेजों में यूनिफॉर्म व्यवस्था को लेकर भी सरकार सक्रिय नजर आ रही है। उच्च शिक्षा मंत्री के अनुसार, प्रदेश के लगभग 75 प्रतिशत कॉलेजों में पहले से यूनिफॉर्म लागू है। शेष संस्थानों में भी इसे लागू करने पर विचार किया जा रहा है ताकि परिसर में अनुशासन और समानता का माहौल सुनिश्चित किया जा सके।

योगी सरकार की यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में छात्राओं को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ उनके सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।