UP News: 2027 मिशन से पहले UP BJP में महाबदलाव की तैयारी! पंकज चौधरी की नई टीम और योगी कैबिनेट विस्तार के संकेत

 
Up News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को पूरी तरह मजबूत करने की रणनीति पर काम तेज कर दिया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिमंडल विस्तार से पहले संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। आने वाले कुछ हफ्तों में जिला समितियों के गठन से लेकर प्रदेश स्तर की नई टीम के ऐलान तक कई फैसले सामने आ सकते हैं।

प्रदेश में भाजपा के 98 संगठनात्मक जिले हैं, जिनमें से अधिकांश जिलों में अध्यक्षों की घोषणा हो चुकी है, जबकि बाकी जिलों में भी जल्द नए चेहरों को जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी का फोकस बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने पर है।

SIR प्रक्रिया के बाद फिर तेज हुई नियुक्तियां

पहले संगठन विस्तार की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) अभियान के कारण इसे रोक दिया गया था। अब यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक बार फिर संगठन और विभिन्न आयोगों, निगमों व बोर्डों में नियुक्तियों का रास्ता साफ हो गया है।

पंकज चौधरी की नई टीम पर सबकी नजर

सबसे ज्यादा चर्चा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की नई टीम को लेकर है। माना जा रहा है कि इस बार प्रदेश टीम में कई नए और युवा चेहरों को मौका मिल सकता है। पहले जहां बड़े बदलाव कम देखने को मिले थे, वहीं इस बार व्यापक फेरबदल की संभावना जताई जा रही है।

योगी कैबिनेट विस्तार के भी संकेत

संगठन के साथ-साथ सरकार में भी बदलाव की आहट है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि योगी मंत्रिमंडल में भी जल्द फेरबदल या विस्तार हो सकता है। इसके जरिए क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश की जाएगी। मंत्री पद के दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है, वहीं मौजूदा मंत्री भी अपनी जिम्मेदारी बनाए रखने के लिए प्रयास तेज किए हुए हैं।

दिल्ली तक हुई मंथन बैठकें

बताया जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के बीच इस मसले पर कई दौर की चर्चा हो चुकी है। दोनों नेताओं ने केंद्रीय नेतृत्व के साथ भी बैठकों में संगठन और सरकार के तालमेल को लेकर रणनीति पर विचार-विमर्श किया है।

पार्टी नेतृत्व चाहता है कि 2027 की चुनावी लड़ाई के लिए ऐसी टीम तैयार हो जो अनुभव के साथ ऊर्जा और नए उत्साह का भी संतुलन रखे ताकि मैदान स्तर पर कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा बना रहे।