मतदान के बीच हंगामा: EVM में टेप चिपकाकर वोट प्रभावित करने का आरोप, भाजपा का चुनाव आयोग पर दबाव
Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में कई जगहों पर धांधली और हिंसा की शिकायतें सामने आई हैं. ऐसा ही एक संगीन आरोप बीजेपी ने तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी जहांगीर खान पर लगाया है. बीजेपी आईटी सेल प्रभारी अमित मालवीय का आरोप है कि डायमंड हार्बर की फाल्टा सीट में कई जगह पोलिंग बूथों में ईवीएम मशीन पर बीजेपी के सिंबल के आगे टेप लगा दिया गया है, ताकि कोई भी उसे वोट न दे. इसको लेकर भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस, सीएम ममता बनर्जी और और आपराधिक छवि वाले प्रत्याशी जहांगीर खान पर निशाना साधा है.
मालवीय ने एक्स पर पोस्ट में लिखा,ये दिखाता है कि क्यों बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जहांगीर खान का समर्थन करती हैं. वो अपराधी जो डायमंड हार्बर की फाल्टा विधानसभा सीट से टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़ रहा है. मालवीय के मुताबिक, फाल्टा के कई पोलिंग बूथ पर ईवीएम में बीजेपी के बटन पर टेप चिपकाया गया है. मतदाताओं को यह पार्टी के लिए वोट से रोकने की कोशिश है.
चुनाव आयोग ने फलता विधानसभा सीट के कुछ पोलिंग बूथों पर ईवीएम से छेड़छाड़ के इन आरोपों का संज्ञान लिया है. आयोग ने कहा है कि अगर आरोप सही हैं तो दोबारा मतदान कराया जाएगा.
जहांगीर वो ही प्रत्याशी हैं, जिनके खिलाफ शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए यूपी के आईपीएस अफसर अजयपाल शर्मा उनके घर तक गए थे. उन्होंने मतदाताओं को डराने-धमकाने की शिकायतों पर आगाह किया था कि ऐसा कुछ किया तो कायदे से सबक सिखाया जाएगा. जहांगीर के परिवारवालों को भी शर्मा ने चेतावनी दी थी. उनका ये वीडियो खूब वायरल हुआ था. जहांगीर खान ने इस पर कहा था कि अगर अजयपाल शर्मा सिंघम हैं तो वो भी पुष्पा हैं.