गोरखपुर में सीएम योगी बोले- कभी इंसेफ्लाइटिस से सहमा रहता था बचपन, आज यूपी में 85 मेडिकल कॉलेज और 2 एम्स
UP News: जनपद गोरखपुर में IMA चैरिटेबल ब्लड सेंटर के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में हुए बदलाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक समय गोरखपुर ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश की पहचान कई तरह की समस्याओं से जुड़ी हुई थी, लेकिन आज प्रदेश नए बदलाव के दौर से गुजर रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने गोरखपुर में इंसेफ्लाइटिस के पुराने हालात को याद करते हुए कहा कि करीब 7-8 वर्ष पहले इसी मौसम में माता-पिता अपने बच्चों को लेकर चिंतित रहते थे कि कहीं इंसेफ्लाइटिस उन्हें अपनी चपेट में न ले ले।
कभी इलाज के लिए सीमित था BRD मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि उस दौर में BRD मेडिकल कॉलेज पूर्वी उत्तर प्रदेश में इलाज का प्रमुख केंद्र था, लेकिन वहां पर्याप्त सुविधाओं का अभाव था। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि आज यही BRD मेडिकल कॉलेज सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं से लैस होकर इंसेफ्लाइटिस के साथ-साथ विभिन्न गंभीर बीमारियों के इलाज का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। सीएम ने कहा कि जिस मेडिकल कॉलेज को कभी खुद स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से जूझता हुआ बताया जाता था, वही आज एक प्रमुख चिकित्सा केंद्र के रूप में सामने आया है।
यूपी में 75 जिले और 85 मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का आंकड़ा बताते हुए कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में 75 जनपदों के बीच 85 मेडिकल कॉलेज और 2 एम्स हैं। उन्होंने इसे प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए बदलाव का उदाहरण बताया।
इंसेफ्लाइटिस पर भी सीएम योगी का बड़ा दावा
सीएम योगी ने इंसेफ्लाइटिस को लेकर कहा कि इस बीमारी से होने वाली मौतों ने लंबे समय तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के परिवारों को परेशान किया। उन्होंने कहा कि जिस समाज का बचपन असमय काल के गाल में चला जाए, उसका भविष्य कैसे समृद्ध हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में दावा किया कि आज इंसेफ्लाइटिस पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया है। उन्होंने इसे माफिया और मच्छर के खत्म होने से जोड़ते हुए कहा कि प्रदेश ने इन दोनों चुनौतियों से भी मुक्ति की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है।
माफिया को लेकर भी बोले मुख्यमंत्री
सीएम योगी ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश की पहचान पर माफिया की गतिविधियों का असर दिखाई देता था और कई जिलों में आपराधिक गिरोहों का प्रभाव माना जाता था। उन्होंने दावा किया कि आज प्रदेश में माफिया का प्रभाव समाप्त हुआ है और लोगों को इससे मुक्ति मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर से लेकर पूरे उत्तर प्रदेश में बदलाव साफ दिखाई दे रहा है और अब प्रदेश नए गोरखपुर, नए यूपी और नए भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है।