अमरोहा और संभल को बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री योगी आज देंगे 776 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं

Lucknow/Amroha: मुख्यमंत्री योगी पहले अमरोहा पहुंचेंगे, जहां विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के साथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे. इसके बाद वह संभल जाएंगे और वहां भी करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे. सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
 

Lucknow/Amroha: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज पश्चिमी यूपी के दौरे पर हैं. इस दौरान वह अमरोहा और संभल जिले को 776 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. इन परियोजनाओं में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास शामिल है.

मुख्यमंत्री योगी पहले अमरोहा पहुंचेंगे, जहां विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के साथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे. इसके बाद वह संभल जाएंगे और वहां भी करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे. सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 12:45 बजे अमरोहा स्थित श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय के हेलिपैड पर पहुंचेगा. वहां से वे सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल जाएंगे. दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक जनसभा को संबोधित करने के साथ 207.49 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इसके बाद कुछ समय आरक्षित रखा गया है. मुख्यमंत्री दोपहर 2:40 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से संभल के लिए रवाना होंगे.

दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री संभल जिले के बहजोई के निकट फत्तेहपुर शरीफनगर स्थित प्रस्तावित इंटीग्रेटेड मुख्यालय भवन के मैदान में पहुंचेंगे. यहां 3:15 बजे से 4:15 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में संभल, चंदौसी, गुन्नौर और असमोली विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी 569 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे.

संभल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कब्जा मुक्त कराई गई सरकारी जमीन के पट्टे भूमिहीन परिवारों को सौंपेंगे. इसके साथ ही विभिन्न विकास कार्यों की सौगात भी देंगे.

प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए दोनों जिलों में प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.