बंगाल चुनाव में जुबानी जंग तेज: वोटिंग के दौरान TMC नेता की पीएम मोदी को चुनौती, कहा- हिम्मत है तो हमारे गढ़ में उतरिए
Kolkata: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में आज बुधवार 29 अप्रैल को दूसरे और आखिरी चरण के मतदान जारी है. इन सबके बीच, तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए उन्हें चुनौती दी है. उन्होंने कहा कि अगर राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस जीतती है तो वे अपने पद से इस्तीफा दे दें.
डेरेक ओ'ब्रायन ने अपने सोशल मीडिया 'एक्स' पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आपने घोषणा की थी कि आप बंगाल की सभी 294 सीटों के लिए उम्मीदवार हैं. बड़ी-बड़ी बातें बंद करें. इस चुनौती को स्वीकार करें. उन्होंने आगे लिखा कि 4 मई को, जब ममता बनर्जी और टीएमसी बंगाल जीत जाएं, तो प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दें. हिम्मत है. बता दें, यह चुनौती तब आई है जब पश्चिम बंगाल में पहले चरण के चुनाव में भारी मतदान हुआ है, जिसके नतीजे 4 मई को घोषित होने हैं.
तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में लगातार चौथी बार सत्ता में आना चाहती है, जबकि बीजेपी ने सत्ताधारी पार्टी को हटाने के लिए जोरदार कैंपेन चलाया है. वहीं, 23 अप्रैल को पहले चरण में हुए पहले फेज के चुनाव में रिकॉर्ड 93 फीसदी वोटिंग हुई थी. बता दें, आज बुधवार को होने वाली वोटिंग 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा, जिसमें 1,230 पुरुष और 218 महिलाएं शामिल हैं.
चुनाव आयोग के मुताबिक कुल 3.22 करोड़ से ज्यादा वोटर्स में से 3.21 करोड़ जनरल वोटर्स हैं और लगभग 40,000 सर्विस वोटर्स हैं. 1.64 करोड़ पुरुष वोटर्स और 1.57 करोड़ महिला वोटर्स हैं, और 792 की पहचान थर्ड जेंडर के तौर पर की गई है.
ताजा जानकारी के मुताबिक राज्य के कई हिस्सों में हिंसक वारदात होने की भी खबर मिल रही हैं. सीएम ममता बनर्जी ने भी भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग चुनाव प्रक्रिया को बाधित कर रहे हैं और हिंसा भी फैला रहे हैं. ये लोग गुंडागर्दी पर उतर आए हैं. इन लोगों ने मंगलवार रात हमारे कार्यकर्ताओं को भी पीटा है. उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र का त्योहार है. सभी लोग इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लें.