17-22 जुलाई तक कैसा रहेगा बंगाल का मौसम? IMD ने बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर चेताया
West Bengal Weather: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 17 से 22 जुलाई तक पश्चिम बंगाल के लिए विस्तृत मौसम पूर्वानुमान जारी किया है. सक्रिय मानसून और कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है. विशेष रूप से उत्तर बंगाल और गंगा के मैदानी (Gangetic) इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और उससे सटे उत्तरी ओडिशा के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में बना लो प्रेशर एरिया अब और मजबूत होकर वेल-मार्क्ड लो प्रेशर एरिया में तब्दील हो चुका है. इसका असर आने वाले दिनों में बंगाल में देखने को मिलेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी है.
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में मानसूनी गतिविधियों में जबर्दस्त तेजी देखने को मिल रही है. इसके असर से कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इसलिए लोगों को सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है.
किस दिन कैसा रहेगा मौसम, यहां जानें
मौसम विभाग ने 17 जुलाई से 22 जुलाई तक के लिए राज्य के उत्तर और दक्षिण बंगाल के जिलों के लिए तिथि-वार (Day-wise) मौसम का हाल जारी किया है. आप भी जान लें.
17 जुलाई:
दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में भारी बारिश का अलर्ट है. कई जिलों में 30–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है.
18 जुलाई:
उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और कूचबिहार में भी भारी वर्षा की संभावना है. दक्षिण बंगाल में भी कई स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होगी.
19 जुलाई:
उत्तर बंगाल में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. दक्षिण बंगाल में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
20 जुलाई:
राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहेगी. उत्तर बंगाल में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में गरज-चमक और 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
21 जुलाई:
उत्तर बंगाल में फिर से भारी बारिश का अलर्ट है। दक्षिण बंगाल में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
22 जुलाई:
राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। उत्तर बंगाल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और दक्षिण बंगाल में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी.
IMD ने लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने, बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों में न रहने और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है. समुद्र में तेज हवाओं (35–55 किमी/घंटा) की संभावना को देखते हुए 17 जुलाई को पश्चिम बंगाल तट के मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह भी दी गई है.
.