कौन थे Captain Sumit Kumar और उनकी Co-Pilot शांभवी पाठक? जिन्होंने अजित पवार के साथ बारामती प्लेन क्रैश में गंवाई जान...
Baramati Plane Crash: धमाके की आवाज के साथ ही चंद पलों में ही पूरा विमान जलकर खाक हो गया. इस हादसे ने न केवल महाराष्ट्र बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है...
Jan 28, 2026, 15:47 IST
Ajit: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की बुधवार सुबह बारामती में विमान हादसे में मौत हो गई. यह हादसा उस समय हुआ, जब उनका विमान लैंडिंग का प्रयास कर रहा था. विमान रनवे के समीप संतुलन खो बैठा और उसमें आग लग गई थी.
धमाके की आवाज के साथ ही चंद पलों में ही पूरा विमान जलकर खाक हो गया. इस हादसे ने न केवल महाराष्ट्र बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है.
हादसे में अजित पवार के साथ विमान में चार और लोगों की भी मौत हो गई. इसको लेकर विमान ऑपरेटर वीएसआर एविएशन ने इन लोगों की पहचान बताई है. विमान के पायलट सुमित कपूर थे, जबकि को-पायलट के रूप में शांभवी पाठक जिम्मेदारी संभाल रही थीं. दोनों ही पायलट अनुभवी और प्रशिक्षित बताए गए हैं. कंपनी का कहना है कि उड़ान से पहले विमान की तकनीकी जांच पूरी की गई थी.
शांभवी पाठक को-पायलट की भूमिका में थीं
कैप्टन शांभवी पाठक की शुरुआती पढ़ाई भारत में हुई. उन्होंने मुंबई विश्वविद्यालय से एयरोनॉटिक्स, एविएशन और एयरोस्पेस साइंस एवं टेक्नोलॉजी में बैचलर ऑफ साइंस (B.Sc.) की डिग्री प्राप्त की. यह डिग्री उनके विमानन-करियर की नींव थी, जिसने उन्हें तकनीकी ज्ञान और उड़ान सिद्धांतों में मूलभूत दक्षता प्रदान की.
शांभवी ने अपने पायलट बनने के सपने को साकार करने के लिए न्यूजीलैंड इंटरनेशनल कमर्शियल पायलट अकादमी में एडमिशन लिया और कमर्शियल पायलट ट्रेनिंग पूरी की.
इस दौरान उन्होंने विमान संचालन, उड़ान नियंत्रण, आपातकालीन प्रक्रियाओं और विमान-नेविगेशन जैसे आवश्यक कौशल में गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया. यही ट्रेनिंग उन्हें एक वैध कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) के योग्य बनाती है, जो कि अंतरराष्ट्रीय तथा भारतीय उड्डयन मानकों के अनुरूप है.
शांभवी ने एविएशन सिक्योरिटी यानी AVSEC की ट्रेनिंग स्पाइसजेट से ली थी. इसके अलावा उन्होंने ए320 जेट से जुड़ी ओरिएंटेशन ट्रेनिंग भी पूरी की थी.
अनुभवी पायलट थे सुमित कपूर?
Learjet 45 की कमान कैप्टन सुमित कपूर के हाथ में थी, जो इस फ्लाइट के पायलट इन कमांड थे. सीनियर पायलट होने के नाते, उन्होंने फ्लाइट क्रू को लीड किया और फ्लाइट के अहम चरणों, जैसे टेक-ऑफ और लैंडिंग के दौरान फैसले लिए.
अधिकारियों ने पुष्टि की कि जब Learjet 45XR (VT-SSK) रनवे के पास क्रैश हुआ, उस समय वह अजित पवार और दूसरे यात्रियों के साथ विमान में सवार थे. सुमित कपूर के पास बिजनेस जेट उड़ाने का काफी अनुभव था. VSR एविएशन के साथ जुड़े सुमित कपूर पहले भी Learjet जैसे हाई-स्पीड, शॉर्ट-रनवे जेट्स उड़ा चुके थे.
गौरतलब है कि VSR एविएशन का एक Learjet 45 विमान 2023 में मुंबई एयरपोर्ट पर दुर्घटनाग्रस्त हो चुका है, जिसकी जांच AAIB ने की थी. उस हादसे में सभी यात्री बच गए थे, लेकिन मौजूदा हादसे ने कंपनी के सेफ्टी रिकॉर्ड पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.