आधी रात को फ्लैट से चीखती हुई निकली महिला, अंदर खून से लथपथ मिला इंजीनियर

पश्चिम बंगाल के गारिया इलाके में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान सार्थक सरकार के रूप में हुई है, जो उत्तर 24 परगना के बारासात का रहने वाला था और सॉल्ट लेक के सेक्टर-5 स्थित एक कंपनी में काम करता था.
 

Kolkata:  पश्चिम बंगाल के गारिया इलाके में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान सार्थक सरकार के रूप में हुई है। वह उत्तर 24 परगना जिले के बारासात का रहने वाला था और सॉल्ट लेक के सेक्टर-5 स्थित एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करता था। पुलिस इस मामले में उसकी लिव-इन पार्टनर और उसकी मां की भूमिका की जांच कर रही है।

गर्लफ्रेंड के साथ किराये के फ्लैट में रहता था सार्थक

जानकारी के मुताबिक, सार्थक अपनी गर्लफ्रेंड और लिव-इन पार्टनर संचालिका के साथ गारिया के फर्ताबाद इलाके में एक किराये के फ्लैट में रहता था। संचालिका की मां मौमिता भी उनके साथ रहती थीं।

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, शनिवार रात सार्थक और संचालिका के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान संचालिका ने धारदार हथियार से सार्थक के कंधे पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सार्थक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आधी रात को फ्लैट से बाहर निकली महिला, पड़ोसियों ने सुनी चीखें

घटना का खुलासा रविवार तड़के करीब 1:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि एक महिला फ्लैट से बाहर निकलकर मदद के लिए चिल्लाने लगी। उसकी आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। फ्लैट के अंदर सार्थक बेड पर खून से लथपथ पड़ा मिला। महिला की गर्दन पर भी खरोंच के निशान बताए गए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना से पहले फ्लैट से तेज आवाजें और बहस सुनाई दे रही थीं। पड़ोसियों ने इसके बाद पुलिस को सूचना दी।

मां की भूमिका की भी जांच

पुलिस को संदेह है कि इस घटना में संचालिका की मां मौमिता की भी कोई भूमिका हो सकती है। हालांकि, उनकी कथित संलिप्तता की अभी जांच की जा रही है। पुलिस दोनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है।

बारुईपुर पुलिस जिले के एसपी अरविंद कुमार आनंद के मुताबिक, मामले की जांच शुरुआती चरण में है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ और दोनों महिलाओं की क्या भूमिका थी।

हत्या की वजह तलाश रही पुलिस

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह, हमले में इस्तेमाल हथियार और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।