सिंदूर की लंबाई पर यश माहेश्वरी ने की अभद्र टिप्पणी, बढ़ा विवाद, अब मांगी माफी, जानें पूरा मामला

 

सोशल मीडिया पर कॉमेडियन यश माहेश्वरी के मजाक को लोगों ने महिलाओं के सम्मान, बिहार की संस्कृति और छठ महापर्व की आस्था का अपमान बता रहे हैं. मामला इतना बढ़ गया है कि बीजेपी नेता से लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद और सुप्रीम कोर्ट के वकील तक ने इस पर प्रतिक्रिया दे रहें हैं. कानूनी कार्रवाई की मांग उठने के बाद कॉमेडियन ने हाथ जोड़कर माफी मांग ली. हालांकि, माफी के बाद भी विरोध जारी है.

विवाद की शुरुआत यश माहेश्वरी के स्टैंड-अप शो 'Morally Questionable' से हुई. उन्होंने 21 नवंबर को अपने यूट्यूब चैनल पर इस शो का वीडियो अपलोड किया था. वीडियो के विवरण में बताया गया था कि यह दिल्ली-NCR में किए गए उनके शो का हिस्सा है. इसी वीडियो के एक हिस्से में उन्होंने छठ पूजा के दौरान बिहार की विवाहित महिलाओं के नाक से माथे तक लंबा सिंदूर लगाने की परंपरा पर टिप्पणी की

यश ने सिंदूर की लंबाई को लेकर अश्लील तुलना की और महिलाओं के पतियों के निजी अंगों का संदर्भ दिया. उन्होंने इस परंपरा और पति की लंबी उम्र से जुड़ी मान्यता को भी अपने मजाक का हिस्सा बनाया. वीडियो में उनकी टिप्पणी पर कुछ दर्शकों को हंसते हुए सुना जा सकता है. लेकिन जब इसका छोटा क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो लोगों ने इसे भद्दा और अपमानजनक बताते हुए विरोध शुरू कर दिया.

शुरुआत में वीडियो का छोटा हिस्सा सोशल मीडिया पर शेयर किया गया. इसके बाद कई यूजर्स ने बिहार पुलिस को टैग करते हुए कॉमेडियन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. लोगों का कहना था कि छठ पूजा बिहार की पहचान और आस्था से जुड़ा महापर्व है. इस दौरान महिलाओं के सिंदूर लगाने की परंपरा का इस तरह मजाक उड़ाना सिर्फ एक धार्मिक परंपरा पर टिप्पणी नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान से जुड़ा मामला भी है.

सोशल मीडिया पर कई लोगों ने सवाल उठाया कि मनोरंजन और कॉमेडी के नाम पर किसी राज्य की महिलाओं और उनकी सांस्कृतिक परंपराओं को निशाना बनाना कहां तक उचित है. कुछ यूजर्स ने कॉमेडियन की गिरफ्तारी और एफआईआर दर्ज करने की मांग भी की.

लगातार हो रही आलोचना और कानूनी कार्रवाई की मांग के बीच यश माहेश्वरी ने 24 नवंबर को अपने यूट्यूब चैनल पर माफी का वीडियो जारी किया. इसमें उन्होंने स्वीकार किया कि बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं पर उन्हें इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी.

उन्होंने कहा कि उनका मकसद किसी की धार्मिक भावनाओं, त्योहार या किसी व्यक्ति की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था. लेकिन वह अपनी गलती स्वीकार करते हैं और इसके लिए माफी मांगते हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे से अपने कंटेंट को लेकर ज्यादा सावधानी बरतेंगे और ऐसी गलती दोबारा नहीं करेंगे.

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, विरोध बढ़ने के बाद यश माहेश्वरी ने अपने यूट्यूब चैनल से विवादित स्टैंड-अप वीडियो हटा दिया. उनकी इंस्टाग्राम प्रोफाइल भी उपलब्ध नहीं दिख रही थी, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि अकाउंट उन्होंने खुद बंद किया है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है.