विश्वकर्मा जयंती पर योगी के कई कार्यक्रम, प्रदर्शनी का उद्घाटन और लाभार्थियों को बांटेंगे चेक-टूलकिट

 

UP News: देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान वह विश्वकर्मा स्वरोजगार व स्वदेशी मेला 2026 से जुड़ी प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के साथ विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और टूलकिट वितरित करेंगे।

इसके अलावा मुख्यमंत्री जनभवन में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के साथ ‘गंगासागर नमो नमः’ का लोकार्पण करेंगे। शाम को वह राष्ट्र प्रेरणा स्थल पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ भी प्रज्ज्वलित करेंगे।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में विश्वकर्मा जयंती का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 के तहत विश्वकर्मा स्वरोजगार व स्वदेशी मेला 2026 पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मार्जिन मनी ऋण पोर्टल भी शुरू किया जाएगा। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और टूलकिट वितरित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में एमएसएमई विभाग के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी और राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा भी मौजूद रहेंगे।

जनभवन में ‘गंगासागर नमो नमः’ का लोकार्पण

शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनभवन में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के साथ ‘गंगासागर नमो नमः’ का लोकार्पण करेंगे। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहेंगे।

जनभवन में गंगोत्री से गंगासागर की थीम पर एक प्रतिकृति तैयार की गई है। इसमें चारों धाम के साथ प्रयागराज और काशी के घाटों व मंदिरों की झलक भी देखने को मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री प्रयागराज से लाए गए गंगाजल को यहां अर्पित करेंगे।

राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर जलाएंगे ‘आशीर्वाद का दीया’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री शाम को राष्ट्र प्रेरणा स्थल भी जाएंगे।

यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को होने वाले जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण एवं राष्ट्रनिर्माण से जुड़े कार्यों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया जाएगा।

कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के दीर्घ और स्वस्थ जीवन की मंगलकामना भी की जाएगी।