उन्नाव में योगी का विकास मंत्र: 570 करोड़ की परियोजनाओं का तोहफा, बच्चों को गोद में लेकर कराया अन्नप्राशन
Unnao News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उन्नाव जिले को 570 करोड़ रुपये से अधिक की 101 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विकास योजनाओं के साथ एक भावुक और दिलचस्प दृश्य भी देखने को मिला, जब अन्नप्राशन संस्कार के लिए लाए गए छोटे बच्चे मुख्यमंत्री की गोद में आते ही शांत हो गए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से बच्चों का अन्नप्राशन कराया। इस दौरान मौजूद लोगों का ध्यान उस वक्त आकर्षित हुआ जब रो रहे बच्चों ने योगी आदित्यनाथ की गोद में पहुंचते ही रोना बंद कर दिया। मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा कि बच्चे ईश्वर का स्वरूप होते हैं और उन्हें यह एहसास होता है कि उनका भविष्य सुरक्षित हाथों में है। उनके इस बयान पर कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों का जिक्र करने के साथ विपक्षी दलों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कभी माफियाओं और अपराधियों का बोलबाला था, लेकिन अब कानून का राज स्थापित हुआ है। योगी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों की सोच सीमित थी, जबकि वर्तमान सरकार प्रदेश के हर नागरिक के विकास के लिए काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान, युवा और महिलाओं का सशक्तिकरण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार माना है, जबकि उनके लिए उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता ही उनका परिवार है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और संकटों के बावजूद भारत ने मजबूत नेतृत्व और प्रभावी नीतियों के बल पर दुनिया के सामने एक नई मिसाल कायम की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास और सुशासन की यह यात्रा आगे भी लगातार जारी रहेगी।