द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली में प्रधानमंत्री से की मुलाकात, PM मोदी ने ट्वीट कर दी जानकारी 

 

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है. भाजपा की संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी की घोषणा की. वहीं द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. प्रधानमंत्री मोदी ने खुद एक ट्वीट कर यह जानकारी दी. 

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि, श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी से मुलाकात की. उनके राष्ट्रपति पद के नामांकन को समाज के सभी वर्गों द्वारा पूरे भारत में सराहा गया है. जमीनी समस्याओं के बारे में उनकी समझ और भारत के विकास के लिए विजन बेजोड़ है.


जानकारी के अनुसार संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास पर उनके नामांकन पत्र तैयार किए जा रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उनके प्रस्तावकों में शामिल होंगे. वैसे केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रह्लाद जोशी के आवास पर प्रस्तावक और समर्थक के तौर पर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर हुए हैं. बीजू जनता दल (BJD) के सस्मित पात्रा भी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने वालों में शामिल हैं. बीजद ने मुर्मू के नामांकन का समर्थन किया है. मुर्मू के पार्टी के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल करने की उम्मीद है.