सियासत में नई एंट्री का बड़ा संकेत! 3 मई से बिहार की सड़कों पर उतरेंगे निशांत कुमार, जनता के बीच बनाएंगे सीधा कनेक्शन
मंगलवार को पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद निशांत कुमार ने घोषणा की कि वे 3 मई से राज्यव्यापी यात्रा पर निकलेंगे। इस दौरान वे सीधे जनता के बीच जाकर संवाद करेंगे, जिलों के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और जमीनी स्तर पर पार्टी की स्थिति को समझेंगे।
निशांत कुमार ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य केवल संगठन को मजबूत करना ही नहीं, बल्कि उनके पिता द्वारा किए गए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना और लोगों की राय जानना भी है। उन्होंने बताया कि इस दौरे में पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उनके साथ रहेंगे।
गौरतलब है कि राजनीति में सक्रिय होने के बाद से ही निशांत कुमार लगातार पार्टी गतिविधियों में भाग ले रहे हैं और संगठन को करीब से समझने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी यह यात्रा न सिर्फ जदयू के लिए अहम मानी जा रही है, बल्कि इसे बिहार की सियासत में एक नए अध्याय की शुरुआत के तौर पर भी देखा जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह यात्रा आने वाले समय में जदयू की रणनीति और नेतृत्व की दिशा तय करने में बड़ी भूमिका निभा सकती है।