अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी में उमड़ा जनसैलाब, 10 KM तक लगा जाम, VIP मेहमान भी फंसे
मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी बुधवार को धूमधाम से हो रही है। दूल्हा ऋषिकेश कुमार बारात लेकर बिहटा से अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां पहुंच चुके हैं। शादी समारोह में शामिल होने के लिए आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे हैं। मेहमानों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई है।
भीड़ का असर यातायात पर भी देखने को मिल रहा है। बाढ़ के आसपास करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार समेत कई वीआईपी मेहमान भी जाम में फंस गए हैं। बारात में शामिल गाड़ियों को भी समारोह स्थल तक पहुंचने में काफी परेशानी हो रही है। वहीं, भारी भीड़ के कारण इलाके में मोबाइल नेटवर्क और कॉलिंग सेवाएं भी प्रभावित हो गई हैं।
शादी समारोह में भीड़ का आलम यह है कि लोग जयमाला के स्टेज तक पहुंच गए हैं। कई लोग नीचे बिछी दरी पर ही सोते नजर आ रहे हैं। व्यवस्था संभालने में जुटे लोगों को लगातार भीड़ हटाने और रास्ता खाली करने की अपील करनी पड़ रही है।
अनंत सिंह ने बेटी की शादी को यादगार बनाने के लिए खास शाही इंतजाम किए हैं। समधी मिलन की रस्म के लिए दो हाथी मंगाए गए हैं। अनंत सिंह खुद हाथी पर सवार होकर समधी मिलन करेंगे। शादी समारोह के लिए करीब 25 बीघे जमीन में भव्य पंडाल तैयार किया गया है। वीआईपी मेहमानों के लिए अलग से विशेष पंडाल बनाया गया है, जहां 30 स्टॉल लगाए गए हैं।
अनंत सिंह के दावे के मुताबिक, शादी में चार लाख से अधिक लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। खाना बनाने के लिए 300 से ज्यादा चूल्हे लगाए गए हैं। वहीं, करीब 500 हलवाई और कारीगर अलग-अलग तरह के व्यंजन और मिठाइयां तैयार करने में जुटे हैं। हेलीकॉप्टर से आने वाले मेहमानों की सुविधा के लिए तीन हेलीपैड भी बनाए गए हैं।
शादी समारोह में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई बड़ी हस्तियां भी पहुंच रही हैं। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह भी शिवांगी को आशीर्वाद देने पहुंचे। जदयू से अनंत सिंह के निष्कासन के बाद दोनों की यह पहली मुलाकात है। वहीं, उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी अनंत सिंह के घर पहुंचे हैं।
इस बीच, अनंत सिंह ने बेटी शिवांगी की शादी के लिए अलग से एक भव्य शाही मंडप भी बनवाया है। इस मंडप में प्रवेश सीमित रखा गया है। आम मेहमानों की भीड़ से अलग यहां केवल चुनिंदा और खास मेहमानों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। शादी में उमड़ी भीड़ और शाही इंतजामों के बीच नदवां गांव में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।