एक फोन कॉल ने बदल दी नीरज कुमार की राजनीतिक तकदीर, भाजपा ने बनाया बांकीपुर से उम्मीदवार

Bihar Politics: खास बात यह है कि जिस समय उनके नाम की घोषणा हुई, उस वक्त वह एक साधारण कार्यकर्ता की तरह बूथ पर मतदाताओं के लिए पर्चियां तैयार और वितरित करने के काम में जुटे थे. तभी अचानक एक फोन कॉल आया और कुछ ही मिनटों में उनकी राजनीतिक किस्मत बदल गई.
 

Bihar Politics: बिहार की राजनीति में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव ने नया मोड़ ले लिया है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अंतिम समय में बड़ा फैसला लेते हुए अपने उम्मीदवार में बदलाव कर दिया और नीरज कुमार सिन्हा को बांकीपुर सीट से मैदान में उतार दिया. खास बात यह है कि जिस समय उनके नाम की घोषणा हुई, उस वक्त वह एक साधारण कार्यकर्ता की तरह बूथ पर मतदाताओं के लिए पर्चियां तैयार और वितरित करने के काम में जुटे थे. तभी अचानक एक फोन कॉल आया और कुछ ही मिनटों में उनकी राजनीतिक किस्मत बदल गई. अब नीरज कुमार आरजेडी प्रत्याशी रेखा गुप्ता और प्रशांत किशोर को चुनौती देंगे. नीरज कुमार को बीजेपी उम्मीदवार बनाए जाने की जानकारी उनके दोस्तों ने शुक्रवार की शाम करीब 5 बजे दी.

नीरज कुमार सिन्हा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्हें पार्टी कार्यालय से तत्काल बुलावा आया था. पहले तो उन्हें अंदाजा नहीं था कि आखिर इतनी जल्दबाजी में क्यों बुलाया जा रहा है. कार्यालय पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि भाजपा नेतृत्व ने उन्हें बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है. नीरज ने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि एक बूथ स्तर के कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी.

दरअसल, भाजपा ने पहले अभिषेक कुमार सिन्हा (बंटी) को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उनके नामांकन वापस लेने के बाद पार्टी ने तेजी से नया चेहरा तलाशा और संगठन में लंबे समय से सक्रिय नीरज कुमार सिन्हा पर भरोसा जताया। नीरज वर्षों से भाजपा संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाते रहे हैं। वह बूथ अध्यक्ष, मंडल महामंत्री और युवा मोर्चा में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं. पार्टी के भीतर उनकी पहचान एक जमीनी और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में रही है.

अब बांकीपुर का मुकाबला और दिलचस्प हो गया है. भाजपा के नए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा का सामना जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) से होगा, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने भी अपना उम्मीदवार मैदान में उतारा है. ऐसे में यह उपचुनाव त्रिकोणीय मुकाबले की ओर बढ़ता दिख रहा है और सभी दलों ने अपनी चुनावी रणनीति तेज कर दी है.

उम्मीदवार घोषित होने के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में नीरज कुमार सिन्हा का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया. उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वह संगठन के भरोसे पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे और सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चुनाव लड़ेंगे. उनके मुताबिक, पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर विश्वास जताकर यह संदेश दिया है कि मेहनत और समर्पण का सम्मान होता है.