अनंत सिंह के '9 मर्डर' वाले बयान पर बोले मांझी, कार्रवाई होनी चाहिए

बिहार की राजनीति में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के कथित तौर पर 9 मर्डर करने वाले बयान को लेकर सियासत गरमा गई है। 
 

बिहार की राजनीति में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के कथित तौर पर 9 मर्डर करने वाले बयान को लेकर सियासत गरमा गई है। इस मामले में अब केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के संरक्षक जीतन राम मांझी का बयान सामने आया है। उन्होंने अनंत सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह उनका मामला है कि उन्होंने 9 मर्डर किया है, 10 मर्डर किया है या 25 मर्डर किया है , लेकिन हत्या करना गलत है। इसके साथ ही जब उनसे सवाल किया गया कि क्या अनंत सिंह पर कार्रवाई होनी चाहिए, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि निश्चित रूप से कार्रवाई होनी चाहिए।

जीतन राम मांझी के इस बयान के बाद अनंत सिंह के हालिया बयान को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने के संकेत हैं। एक तरफ अनंत सिंह अपने पुराने राजनीतिक संघर्षों और नीतीश कुमार के प्रति अपनी निष्ठा का हवाला देते रहे हैं, तो दूसरी तरफ उनके बयान को लेकर अब एनडीए के भीतर से भी सख्त प्रतिक्रिया सामने आने लगी है। मांझी ने अपने बयान में साफ किया कि किसी भी परिस्थिति में हत्या को सही नहीं ठहराया जा सकता है और यदि इस तरह का मामला है, तो कार्रवाई होनी चाहिए।

दरअसल, अनंत सिंह के 9 मर्डर वाले हालिया बयान को लेकर जब केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी से सवाल किया गया, तो उन्होंने इस मामले को लेकर अपनी राय रखी। मांझी ने कहा कि यह अनंत सिंह का मामला है कि उन्होंने 9 मर्डर किया है या 10 मर्डर किया है, लेकिन उनकी नजर में हत्या करना गलत है। उन्होंने कहा कि हत्या चाहे किसी के लिए की गई हो या किसी के कहने पर करवाई गई हो, उसे सही नहीं माना जा सकता।

मांझी के बयान का सबसे अहम हिस्सा वह रहा, जब उनसे पूछा गया कि क्या इस मामले में अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इस सवाल पर उन्होंने किसी तरह की अस्पष्टता नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से कार्रवाई होनी चाहिए।