राज्यसभा नामांकन के बाद सीएम नीतीश कुमार ने सभापति से की मुलाकात, नई राजनीतिक पारी के लिए मिली शुभकामनाएं
इस दौरान सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि पिछले दो दशकों में नीतीश कुमार ने एक कुशल, संवेदनशील और जनोन्मुखी मुख्यमंत्री के रूप में बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, सड़क, बिजली, रोजगार और खेलकूद जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को “विकास पुरुष” और आधुनिक बिहार का निर्माता कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी।
इस अवसर पर राज्यसभा के लिए नामांकन करने वाले शिवेश राम भी मौजूद रहे। साथ ही बिहार विधान परिषद के उपसभापति राम वचन राय, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी और ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी समेत कई सांसद और विधान परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सभी नेताओं ने मुख्यमंत्री को राज्यसभा की नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और नेतृत्व से राष्ट्रीय स्तर पर भी बिहार के हितों को मजबूती मिलेगी।
मुलाकात के दौरान सांसद देवेश चंद्र ठाकुर , जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, सतीश चंद्र डूबे , गोपालजी ठाकुर और संजय झा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना बिहार की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत का संकेत है, जहां राज्य की राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।