विधान परिषद चुनाव में हार के बाद JDU की समीक्षा बैठक आज, नीतीश कुमार के बेटे निशांत समेत कई बड़े नेता होंगे शामिल

बिहार विधान परिषद चुनाव में तीन सीटों पर मिली हार के बाद जनता दल यूनाइटेड (JDU) आज समीक्षा करेगा। पटना स्थित पार्टी कार्यालय में दोपहर 2 बजे बैठक बुलाई गई है
 

बिहार विधान परिषद चुनाव में तीन सीटों पर मिली हार के बाद जनता दल यूनाइटेड (JDU) आज चुनावी नतीजों की समीक्षा करेगा। इसे लेकर पटना स्थित पार्टी कार्यालय में दोपहर 2 बजे अहम बैठक बुलाई गई है। प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे एवं स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

बैठक में चुनाव जीतने और हारने वाले सभी उम्मीदवारों के साथ संबंधित जिलों के जिलाध्यक्षों को भी बुलाया गया है। इस दौरान तीन सीटों पर मिली हार के कारणों की पड़ताल की जाएगी। साथ ही संगठन की कमजोरियों, चुनाव प्रचार के दौरान नेताओं की सक्रियता और पार्टी के भीतर समन्वय की स्थिति पर भी चर्चा होने की संभावना है।

दरअसल, विधान परिषद की चार सीटों पर हुए चुनाव में JDU को केवल पटना स्नातक सीट पर जीत मिली है, जबकि बाकी तीन सीटों पर पार्टी उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा। पटना स्नातक सीट से JDU के नीरज कुमार ने RJD के दिलीप पटेल को 4,655 वोटों से हराकर जीत दर्ज की।

वहीं, सारण शिक्षक सीट पर JDU के आनंद पुष्कर को निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने 1,815 वोटों से शिकस्त दी। तिरहुत स्नातक सीट पर पार्टी के अभिषेक झा को निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी ने 9,147 वोटों से हराया। जबकि दरभंगा शिक्षक सीट पर JDU के घनश्याम राय को जन सुराज के डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने 3,226 वोटों से पराजित किया।

तीन सीटों पर मिली इस हार के बाद पार्टी नेतृत्व अब चुनावी प्रदर्शन की समीक्षा कर संगठन की कमियों को दूर करने की रणनीति तैयार करेगा। बैठक में उम्मीदवारों और जिलाध्यक्षों से चुनाव में हार के कारणों पर जवाब भी मांगा जा सकता है