चुनाव से पहले नीतीश का मास्टरस्ट्रोक-लॉन्च की फेलोशिप योजना, हर महीने मिलेगा 1.5 लाख तक मानदेय

 

Political news: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार एक के बाद एक फैसले ले रहे हैं। मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में नीतीश सरकार ने एक नई और महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी दी है। इस बैठक में मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना को हरी झंडी दे दी गई।

इस योजना के तहत राज्य के चुनिंदा सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को अब भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) बोधगया में विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। इसका उद्देश्य प्रशासनिक कामकाज में पारदर्शिता, दक्षता और नीतियों को बेहतर तरीके से लागू करना है।

फेलोशिप पर मिलेगी मोटी रकम

इस योजना में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को ट्रेनिंग के साथ-साथ आकर्षक मानदेय भी मिलेगा। जानकारी के मुताबिक, चयनित प्रतिभागियों को हर महीने 80 हजार रुपये से लेकर डेढ़ लाख रुपये तक मानदेय दिया जाएगा। यह फेलोशिप दो साल की होगी और ट्रेनिंग पूरी होने के बाद प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।

किन्हें मिलेगा मौका?

इस योजना का फायदा राज्य के चुनिंदा विभागों और दफ्तरों में काम कर रहे कर्मचारियों को मिलेगा। इसमें शामिल हैं:
    •    मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री कार्यालय
    •    मुख्य सचिव और विकास आयुक्त कार्यालय
    •    विभिन्न विभागों के सचिवालय
    •    प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय
    •    नगर आयुक्त कार्यालय

कुल 12 सरकारी कर्मियों को इस फेलोशिप का लाभ मिलेगा।

नीतीश सरकार का मकसद

सरकार का कहना है कि यह पहल राज्य की नीतियों और योजनाओं के क्रियान्वयन में नई ऊर्जा और प्रोफेशनल टच लाएगी। IIM बोधगया में दी जाने वाली यह ट्रेनिंग बिहार प्रशासन को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।