नीतीश सेतु नाम पर विवाद के बीच ललन सिंह का खुलासा, बताया किसने रखा पुल का नाम
कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन ब्रिज बिहार के लोगों के लिए बेहद खास माना जा रहा है. इसके जरिए उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच कनेक्टिविटी मजबूत हो सकेगी. इस पुल का नाम नीतीश सेतु किए जाने की घोषणा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की थी. इसके बाद से पुल के नामकरण पर जमकर बयानबाजी हो रही. विपक्ष इस नामकरण का विरोध कर रही.
इन सब के बीच शनिवार को प्रधानमंत्री नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे. लेकिन इससे पहले ही केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने खुलासा कर दिया है कि आखिर पुल का नामकरण किसने किया. मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएम सम्राट चौधरी के आग्रह पर पुल का नाम नीतीश सेतु रखा. पीएम मोदी नीतीश सेतु का उद्घाटन कर बिहार के लोगों को समर्पित करेंगे.
दूसरी तरफ, नीतीश कुमार के बेटे और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने नीतीश सेतु नाम रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को धन्यवाद कहा. निशांत कुमार ने कहा, हमारे पिता ने जो 20 साल काम किया है. नीतीश सेतु नाम उसे प्रतिबद्धता को दर्शाता है. इससे उतरी बिहार और दक्षिणी बिहार का आवागमन सुलभ होगा. यह हमारे पिताजी का ड्रीम प्रोजेक्ट था. इससे वैशाली और राघोपुर के लोगों को सहायता होगी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर वैशाली के राजापाकर में तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं. काफी संख्या में महिला और पुरुष भी पहुंच गए हैं. इसके साथ ही ट्रैफिक प्लान पहले ही जारी कर दिया गया था, ताकि आम लोगों को आने-जाने में किसी तरह की परेशानी ना हो. इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था टाइट कर दी गई है. भारी पुलिस बल तैनात किए गए हैं. पटना एयरपोर्ट पर भी पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया जाएगा.