बेटी की शादी में खेसारी लाल यादव को अनंत सिंह ने दिया न्योता, वीडियो कॉल पर हुई खास बातचीत

पटना से सटे मोकामा के विधायक अनंत सिंह इन दिनों अपनी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर सुर्खियों में हैं। 25 नवंबर को होने वाली इस शादी को भव्य बनाने के लिए अनंत सिंह कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। 
 

पटना से सटे मोकामा के विधायक अनंत सिंह इन दिनों अपनी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर सुर्खियों में हैं। 25 नवंबर को होने वाली इस शादी को भव्य बनाने के लिए अनंत सिंह कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। शादी की तैयारियों के साथ-साथ इसमें शामिल होने वाले मेहमानों को लेकर भी खूब चर्चा हो रही है। माना जा रहा है कि इस खास मौके पर राजनीति और मनोरंजन जगत की कई चर्चित हस्तियां शिरकत कर सकती हैं।

इसी बीच अनंत सिंह का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह भोजपुरी फिल्मों के मशहूर गायक और अभिनेता खेसारी लाल यादव को फोन कर बेटी की शादी का न्योता देते नजर आ रहे हैं। दोनों के बीच वीडियो कॉल पर बातचीत हुई। इस दौरान अनंत सिंह ने खेसारी लाल यादव से कहा, ''25 को आओ।''

इस पर खेसारी लाल यादव ने बताया कि 25 नवंबर को उनके घर के सामने ही एक लड़की की शादी है, इसलिए वह दिन में आकर मुलाकात कर सकते हैं। इस पर अनंत सिंह ने उन्हें 20 नवंबर को आने का विकल्प भी दिया। उन्होंने कहा कि अगर 20 तारीख को छुट्टी हो तो उसी दिन आ जाइए। हालांकि, खेसारी लाल यादव ने बताया कि वह फिलहाल एक कार्यक्रम में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि अभी समस्तीपुर में कार्यक्रम है और रात में पूर्णिया जाना है। पटना पहुंचने के बाद वह अनंत सिंह को फोन करेंगे। इस पर अनंत सिंह ने उनकी बात स्वीकार करते हुए कहा, ''ठीक है।''

वहीं, अपनी बहन शिवांगी की शादी को लेकर अनंत सिंह के बेटे अभिषेक ने भी मीडिया से बातचीत की है। उन्होंने शादी में आने वाले मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि जितने लोग भी आना चाहते हैं, उन सभी का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है।

इस तरह शिवांगी की शादी से पहले ही मेहमानों को न्योता देने का सिलसिला शुरू हो गया है और अब लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि 25 नवंबर को होने वाले इस भव्य समारोह में कौन-कौन सी बड़ी हस्तियां शामिल होती हैं।