400 गाड़ियों के काफिले के साथ वाराणसी पहुंचे अनंत सिंह, पुलिस ने डाफी में रोका, BHU जाने से किया इनकार

मोकामा से विधायक अनंत सिंह शुक्रवार शाम करीब 5 बजे 400 गाड़ियों के काफिले के साथ वाराणसी पहुंचे। हालांकि, धनतेरस और दिवाली को लेकर शहर में बढ़ी भीड़ और ट्रैफिक व्यवस्था का हवाला देते हुए पुलिस ने उनके काफिले को शहर के बाहर डाफी इलाके में ही रोक दिया।
 

मोकामा से विधायक अनंत सिंह शुक्रवार शाम करीब 5 बजे 400 गाड़ियों के काफिले के साथ वाराणसी पहुंचे। हालांकि, धनतेरस और दिवाली को लेकर शहर में बढ़ी भीड़ और ट्रैफिक व्यवस्था का हवाला देते हुए पुलिस ने उनके काफिले को शहर के बाहर डाफी इलाके में ही रोक दिया।

अनंत सिंह बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) जाकर महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करना चाहते थे। इसके लिए प्रशासन ने उन्हें केवल पांच गाड़ियों के साथ बीएचयू जाने की अनुमति दी। लेकिन अनंत सिंह ने इस शर्त को मानने से इनकार कर दिया।

उन्होंने साफ कहा, "इतनी कम गाड़ियों के साथ हम नहीं चलते हैं। अगर अनुमति नहीं मिली है, तो हम नहीं जाएंगे।"

इसके बाद शाम करीब 5:30 बजे अनंत सिंह का पूरा काफिला वाराणसी से प्रयागराज के लिए रवाना हो गया। इस दौरान उनके समर्थकों और पुलिसकर्मियों के बीच बहस भी हुई।

जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह शुक्रवार सुबह पटना से करीब 100 गाड़ियों के काफिले के साथ प्रयागराज के लिए निकले थे। रास्ते में अलग-अलग जगहों पर उनके समर्थक जुड़ते गए और काफिले में गाड़ियों की संख्या बढ़कर करीब 400 हो गई।

रात करीब 8 बजे अनंत सिंह प्रयागराज पहुंचे और अपने पुराने मित्र पप्पू सलमान के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल हुए। इसके बाद रात करीब 9 बजे वे वहां से रवाना हो गए।

वहीं, बीएचयू के छात्र नेता डॉ. सौरव राय ने बताया कि अनंत सिंह का उनके घर आने का कार्यक्रम था। इस दौरान उन्हें उनकी मां से भी मुलाकात करनी थी। इसके अलावा बीएचयू परिसर में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण का भी कार्यक्रम तय था।

डॉ. सौरव राय के मुताबिक, कार्यक्रम को लेकर उन्होंने पहले ही प्रशासन से अनुमति मांगी थी। इसके बावजूद पुलिस ने अनंत सिंह के 400 गाड़ियों के काफिले को डाफी में रोक दिया और केवल पांच गाड़ियों को ही बीएचयू जाने की अनुमति दी। इस पर अनंत सिंह ने पांच गाड़ियों के साथ जाने से इनकार कर दिया और पूरा काफिला लेकर प्रयागराज रवाना हो गए।