अनंत सिंह बोले- हमको विश्वास है कि हमें वोट मिला है, हमारी जीत पक्की है, जनता के लिए मिठाई बनवा रहे हैं 

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतदान खत्म होने के बाद अब सभी की नजरें 27 अक्टूबर को आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं
 

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतदान खत्म होने के बाद अब सभी की नजरें 27 अक्टूबर को आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं। नतीजों से पहले ही मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अपनी जीत का दावा कर दिया है। इतना ही नहीं, उन्होंने जीत के जश्न की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। पटना स्थित उनके सरकारी आवास पर बड़े स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं, जहां समर्थकों के स्वागत के लिए करीब 3 लाख रसगुल्ले तैयार किए जा रहे हैं।

अनंत सिंह के सरकारी आवास पर टेंट लगाए जा रहे हैं और मिठाइयां बनाने की तैयारी चल रही है। बताया जा रहा है कि रसगुल्ले तैयार करने के लिए करीब 20 हजार लीटर दूध का इस्तेमाल किया जा रहा है।

चुनाव पारणाम आने से पहले ही इस तरह की तैयारियों ने बिहार की राजनीति में चर्चा तेज कर दी है।

अनंत सिंह ने अपनी जीत को लेकर पूरा भरोसा जताया है। उनका कहना है कि चुनाव खत्म हो चुका है और वह चुनाव जीत चुके हैं। उन्होंने कहा कि जब जनता उनके साथ है, तो जीत के बाद समर्थकों को मिठाई खिलाना सामान्य बात है।

वोट खरीदने की चर्चाओं पर भी अनंत सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वोट कोई दुकान में रखा सामान नहीं है, जिसे खरीदा जा सके। जनता ही मालिक और भगवान है। उन्हें विश्वास है कि लोगों ने उनके पक्ष में जमकर मतदान किया है।

अनंत सिंह के मुताबिक, 27 अक्टूबर को उनके आवास पर पहुंचने वाले कार्यकर्ताओं और समर्थकों का मिठाई खिलाकर स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियम और धर्म के मुताबिक जो करना है, वह करेंगे। उन्हें अपनी जीत पूरी तरह पक्की लग रही है।

हालांकि, इस पूरे मामले में सबसे अहम बात अनंत सिंह का अपनी ही पार्टी से अलग रुख अपनाना है। दरअसल, एमएलसी चुनाव में उन्होंने जेडीयू के उम्मीदवार नीरज कुमार का खुलकर विरोध किया और जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह का समर्थन किया है।

अब देखना होगा कि 27 अक्टूबर को चुनाव परिणाम आने के बाद अनंत सिंह का यह दावा कितना सही साबित होता है और उनके आवास पर तैयार हो रहे रसगुल्लों से जीत के जश्न की मिठास बढ़ती है या नहीं।