कड़ी सुरक्षा के बीच अनंत सिंह ने ली विधायक पद की शपथ, बोले– न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा

 
Bihar news: मोकामा से नवनिर्वाचित विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह ने मंगलवार को विधायक पद की शपथ ले ली। दुलारचंद यादव हत्याकांड में न्यायिक हिरासत में चल रहे अनंत सिंह को पटना सिविल कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच बेऊर जेल से एंबुलेंस के जरिए बिहार विधानसभा लाया गया। सदन में शपथ लेने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाकात की।

शपथ के बाद फिर लौटे जेल

कोर्ट के आदेश के अनुसार अनंत सिंह को केवल शपथ ग्रहण की अनुमति दी गई थी। शपथ पूरी होते ही उन्हें फिर से कड़ी सुरक्षा के बीच बेऊर जेल वापस भेज दिया गया। विधानसभा परिसर से निकलते समय उन्होंने मीडिया से बातचीत भी की।

न्याय व्यवस्था पर जताया भरोसा

जेल लौटने से पहले अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा विश्वास है और उन्हें पूरा यकीन है कि उनके साथ न्याय जरूर होगा। विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास बोलने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है।

कानून-व्यवस्था पर विपक्ष को जवाब

बिहार में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विपक्ष के सवालों पर अनंत सिंह ने कहा कि राज्य में सब सुरक्षित है और यहां पूरी तरह प्रशासन की सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष बेवजह आरोप लगा रहा है।

तेजस्वी यादव पर भी टिप्पणी

तेजस्वी यादव को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि इस बार तो उन्हें सीटें मिल गईं, लेकिन अगली बार शायद उन्हें किसी दूसरी पार्टी से टिकट लेकर चुनाव लड़ना पड़े।

शपथ ग्रहण के बाद अनंत सिंह को सुरक्षा घेरे में फिर से बेऊर जेल भेज दिया गया।