बेटी की शादी के बाद सरकारी बंगला खाली कर जेल जाएंगे अनंत सिंह, बोले- जनता मालिक है, वही करेगी सबका हिसाब
बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह इन दिनों अपनी छोटी बेटी शिवांगी की शादी की तैयारियों में जुटे हैं। 25 नवंबर को होने वाली इस शादी को यादगार बनाने के लिए उनके पैतृक गांव लदमा में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। हालांकि, बेटी की शादी के बाद अनंत सिंह के सामने सरकारी आवास खाली करने और जेल जाने की चुनौती होगी। इसको लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने बेबाक अंदाज में जवाब दिया।
अनंत सिंह ने साफ कहा कि पहले वह अपनी बेटी की शादी करेंगे, इसके बाद सरकारी आवास खाली कर जेल चले जाएंगे। उन्होंने कहा, "शादी कर लेंगे, घर खाली कर देंगे, फिर अपना हम जेल में जाना है, चले जाएंगे आराम से... जनता मालिक है, वो ध्यान देगी।"
उन्होने आगे कहा कि जनता की अदालत में ही न्याय होता है, नेता कभी न्याय नहीं करता। जनता ही मालिक है और वही सबका हिसाब करेगी। अनंत सिंह ने यह भी कहा कि उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है। जनता जो फैसला करेगी, वही उन्हें मंजूर होगा।
बता दें कि अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होनी है। इसको लेकर लदमा गांव में भव्य तैयारियां चल रही हैं। करीब 10 बीघा जमीन पर शादी समारोह के लिए विशाल पंडाल तैयार कराया जा रहा है। चर्चा है कि शादी में करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की जाएगी।
शादी समारोह को खास बनाने के लिए कई आकर्षक आयोजन भी किए जा रहे हैं। इनमें घुड़दौड़ प्रतियोगिता प्रमुख होगी। प्रतियोगिता के विजेता को करीब 20 लाख रुपये की गाड़ी पुरस्कार के रूप में दी जाएगी। अनंत सिंह के मुताबिक, इस शादी में केवल बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश और पाकिस्तान तक से लोगों को निमंत्रण भेजा गया है। सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को भी शादी में शामिल होने का न्योता दिया गया है।
फिलहाल, अनंत सिंह के लिए बेटी की शादी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। शादी के बाद सरकारी आवास खाली करने और जेल जाने को लेकर दिया गया उनका बयान भी अब चर्चा का विषय बना हुआ है।