तेजप्रताप विवाद पर पहली बार कैमरे पर आईं अनुष्का यादव, बोलीं- मुझे उनकी बातों से फर्क नहीं पड़ता, बेटी ही मेरी दुनिया

राजद सुप्रीमो लालू यादव के बेटे तेजप्रताप यादव और अनुष्का यादव एकबार फिर चर्चा में हैं। तेजप्रताप संग रिश्ता, बेटी उज्जैनी के जन्म के बाद लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच अनुष्का यादव पहली बार कैमरे पर नजर आई।
 

राजद सुप्रीमो लालू यादव के बेटे तेजप्रताप यादव और अनुष्का यादव एक बार फिर चर्चा में हैं। तेजप्रताप के साथ रिश्ते और बेटी उज्जैनी के जन्म के बाद से जारी विवाद के बीच अनुष्का यादव पहली बार कैमरे पर नजर आईं। पटना में आयोजित एक डांडिया नाइट्स कार्यक्रम में वह अपने भाई आकाश यादव और बेटी उज्जैनी के साथ पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने तेजप्रताप को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि वह उनकी बातों और सोशल मीडिया पोस्ट पर ध्यान नहीं देती हैं। फिलहाल उनका पूरा ध्यान अपनी बेटी की परवरिश पर है।

अनुष्का यादव ने कहा, "वह जितनी भी कंट्रोवर्सी कर रहे हैं, उन सभी चीजों के लिए मैं उन्हें धन्यवाद देती हूं। मैं उनके बारे में कुछ नहीं कहना चाहती। मैं उनके लिए प्रार्थना करती हूं और उनके लंबे जीवन और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हूं।"

तेजप्रताप के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर अनुष्का ने कहा कि उन्होंने उनके पोस्ट और ट्वीट पर ध्यान नहीं दिया है। उन्होंने कहा, "मेरे पास इतना समय नहीं है कि मैं इन सभी चीजों को देखूं। मेरे पास मेरी बेटी है और मेरा पूरा समय उसी के साथ बीतता है।"

वहीं, घर में जबरन घुसने के आरोपों पर भी अनुष्का ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि जिस वक्त की बात हो रही है, उस समय उनके भाई आकाश यादव घर पर मौजूद नहीं थे। अनुष्का के मुताबिक, तेजप्रताप अपने पीए मोतीलाल के साथ जबरन घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे।

हालांकि, इस मामले में आगे क्या हुआ, इस पर उन्होंने विस्तार से कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह इन सभी बातों को मीडिया के सामने नहीं रखना चाहतीं, क्योंकि यह उनका पारिवारिक मामला है।

अनुष्का के इस बयान के बाद तेजप्रताप यादव ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। हालांकि, उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन पोस्ट के जरिए अपने विरोधियों पर निशाना साधा। फिलहाल, बेटी उज्जैनी के जन्म के बाद से तेजप्रताप और अनुष्का से जुड़ा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है।