जमीन के नाम पर अब नहीं चलेगी मनमानी! डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का बड़ा एक्शन, टोल फ्री नंबर और पोर्टल से सीधे होगी शिकायत
Bihar politics: बिहार में जमीन से जुड़े मामलों को लेकर आम लोगों की परेशानी अब जल्द खत्म होने वाली है। उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विभाग को पूरी तरह एक्शन मोड में ला दिया है। अंचल कार्यालयों के चक्कर, दलालों की भूमिका और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने टोल फ्री नंबर और ऑनलाइन शिकायत पोर्टल की सुविधा शुरू की है।
अब राज्य का कोई भी नागरिक जमीन से संबंधित अपनी समस्या घर बैठे दर्ज करा सकता है। विभाग ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए बताया है कि लोग टोल फ्री नंबर 1800-345-6215 पर कॉल कर सीधे शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा biharbhumiplus.bihar.gov.in/pg/ पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी दी गई है।
डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने साफ शब्दों में कहा है कि राजस्व विभाग के हर अधिकारी की कार्यशैली पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यह डबल इंजन की सरकार है और जनता की सेवा में किसी भी तरह की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो अधिकारी जनता के काम में बाधा बनेंगे या नियमों की अनदेखी करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि अब केवल चेतावनी का दौर खत्म हो चुका है और सीधे एक्शन लिया जाएगा। विभाग का लक्ष्य जमीन विवादों को कम करना, म्यूटेशन और सर्वे जैसी प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाना और आम लोगों को समयबद्ध न्याय दिलाना है।
राजस्व सेवा संघ से हालिया विवाद के बावजूद मंत्री अपने फैसलों पर अडिग हैं। साफ संदेश है अब जमीन से जुड़े मामलों में लापरवाही, देरी और भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं होगी। जनता की शिकायत सीधे सरकार तक पहुंचेगी और समाधान भी तय समय में होगा।