अरुण जेटली जयंती पर यादों का सैलाब: नड्डा–राजनाथ सहित दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि, कहा-मुस्कान से देते थे संघर्ष की ताकत
Patna Desk: भारत सरकार के पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता पद्मविभूषण स्वर्गीय अरुण जेटली की 73वीं जयंती पर शनिवार को दिल्ली स्थित अरुण जेटली पार्क भावनाओं से भर उठा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अरुण जेटली को याद करते हुए कहा कि वे केवल एक प्रखर वक्ता और कुशल नेता ही नहीं थे, बल्कि एक सच्चे मित्र भी थे। “वे हमेशा अपने साथियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करते थे और मुश्किल हालात में भी सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखते थे,” राजनाथ सिंह ने कहा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि अरुण जेटली का मुस्कुराता हुआ चेहरा आज भी संघर्ष के समय प्रेरणा देता है। “उनकी सोच और नेतृत्व ने न सिर्फ पार्टी को दिशा दी, बल्कि देश की राजनीति को भी मजबूत आधार प्रदान किया,” नड्डा ने कहा।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, जितेंद्र सिंह, भाजपा संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, सांसद कमलजीत सहरावत और बांसुरी स्वराज, दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद, विधायक सतीश उपाध्याय और अनिल शर्मा समेत बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अरुण जेटली फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में स्वर्गीय नेता की पत्नी संगीता जेटली, पुत्री सोनाली जेटली बखसी और परिवार के अन्य सदस्यों ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अरुण जेटली के राजनीतिक जीवन, उनकी दूरदर्शिता और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी।